राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में दो बाल वैज्ञानिक राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित

0

प्रयागराज, 30 दिसंबर (हि.स.)। 29वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में राज्यस्तर पर प्रतिभाग करने के बाद राष्ट्रीय स्तर के लिए प्रयागराज से दो बाल वैज्ञानिकों- हमीदिया बालिका इंटर कॉलेज की शीबा बेग और श्री महाप्रभु पब्लिक स्कूल के वैभव त्रिपाठी का चयन किया गया है। उक्त प्रतियोगिता 1-5 फरवरी को आयोजित की गई है।

राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के सह राज्य समन्वयक डॉ. मोहम्मद मसूद ने गुरुवार को बताया कि इसे राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (एनसीएसटीसी) उत्प्रेरित करती है। इसका मुख्य उद्देश्य देश के कोने-कोने में जाकर विज्ञान प्रतिभाओं की खोज करना एवं बच्चों में वैज्ञानिक चेतना का अंकुरण कर उन्हें स्थानीय परिवेश में तार्किक विज्ञान खोज की दिशा में आगे बढ़ाना है। बाल वैज्ञानिक मुख्य विषय से संबंधित स्थानीय समस्याओं को चिह्नित कर विज्ञान विधि की सहायता से नवाचारी खोज करतें हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष का मुख्य विषय ‘सतत् जीवन हेतु विज्ञान’ निर्धारित था। जिसमें प्रयागराज जनपद के चार बाल वैज्ञानिकों का चयन राज्य स्तर पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत करने के लिए किया गया था। राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने के बाद उक्त दोनों राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हुए हैं। डॉ. मसूद ने बताया कि कोविड की वजह से राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का राष्ट्रीय आयोजन भी वर्चुअली आयोजित होगा।

टैगोर पब्लिक स्कूल के रसायन शास्त्र प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के उप जिला समन्वयक संजय श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद से चयनित ये दोनों बाल वैज्ञानिकों को 1-5 फरवरी में राष्ट्रीय स्तर पर अपना लघु शोध पत्र प्रस्तुत करना होगा। राष्ट्रीय बाल विज्ञान में जनपद से दो बाल वैज्ञानिकों की सफलता पर सह समन्वयक मुरली मनोहर सिन्हा, सचिव प्रीति कौशल, अशोक कुलश्रेष्ठ व राज्य समन्वयक डॉ. एसके सिंह, श्री महाप्रभु पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या रविंद्र बिर्दी, हमीदिया बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. हमीदा बेग आदि ने बधाई दी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *