फिरोजाबाद: कांग्रेस सरकार बनने पर 08 लाख महिलाओं को देंगे रोजगार – प्रियंका गांधी वाड्रा

0

फिरोजाबाद, 29 दिसम्बर (हि.स.)। कांग्रेस के लड़की हूं लड़ सकती हूं, कार्यक्रम के तहत बुधवार को कांगे्रस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सिरसागंज में महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं का सुना एवं कांग्रेस की सरकार बनने उनके निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने भाजपा की केन्द्र व प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को फिरोजाबाद के सिरसागंज स्थित गिरधारी लाल इंटर कालेज के मैदान में शक्ति संवाद कार्यक्रम में पहुंची थी। उन्होंने सबसे पहले करीब 40 फुट लंबे पांडाल के मंच पर घूम-घूमकर कार्यक्रम में आई महिलाओं एवं अन्य लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद कार्यक्रम में आई हुईं महिलाओं में से कुछ महिलाओं, युवतियों को मंच पर बुलाया गया तथा उनकी समस्याओं को सुना। आंगनबाड़ी से नीतू ने कहा कि उनको प्रदेश सरकार द्वारा मानदेय देने की बात कही गई थी लेकिन समुचित मानदेय नहीं दिया जा रहा है इस पर प्रियंका गांधी ने आशा कार्यकर्ताओं को उनकी सरकार आने पर 10 हजार रूपये का मानदेय दिये जाने की घोषणा की।

प्रियंका गांधी ने मंच से कहा कि आप सभी ने अपनी समस्याओं को बताया सभी ने दो चीजे बतायी कि शोषण हो रहा है व आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का वेतन नहीं बढ़ाया जा रहा है न ही उनको नियमित किया जा रहा है। हक मांगने पर उन्हें पुलिस की लाठियां मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की विचाराधारा व मानसिकता यह है कि आपको एक सिलेण्डर दे दिया और उनकी सारी जिम्मेदारी समाप्त हो गयी। लेकिन दूसरा सिलेण्डर कैसे आयेगा, महिलायें सशक्त कैसे होगी, उन्हें शिक्षा कैसे मिलेगी, रोजगार कैसे पैदा होगा यह नहीं पूछा।

उन्होंने कहा कि भाजपा को लगता है कि एक सिलेण्डर देने से आप इनको वोट दे देंगे। महिलाओं ने बहुत सह लिया है, बहुत चुप रही हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। महिलाओं को अपनी ताकत पहचाननी पड़ेगी। हमें ये समझना पड़ेगा कि हम देश की आधी आबादी हैं। अगर महिलाएं एक होकर वोट करेंगी तो ऐसी नौबत नहीं आएंगी। उन्होंने कहा कि अब महिलाओं को नकारा नहीं जा सकता। चुनाव के समय ही महिलाओं की सरकार को याद आती है तथा 05 साल तक वह किसी की समस्या नहीं सुनती है। चुनाव के बाद महिलाओं को भुला दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर जो भर्ती शेष हैं उनको पूरा कराया जाएगा तथा 20 लाख लोगों को रोजगार देंगे जिनमें से 8 लाख रोजगार महिलाओं को देंगे। 40 फीसदी महिलाओं को उनकी पार्टी टिकट देगी है। कांग्रेस महिलाओं की शक्ति को पूरी तरह से समझती है। चूड़ी जुड़ाई करने वाली महिला के घर की बात करते हुए सरकार पर कहा कि एक तोड़े का तीन रुपये मिलता है और गैस का सिलिंडर एक हजार रुपये का है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री को घेरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के उद्योग मित्रों को बड़े-बड़े संस्थान बेच दिए गए हैं। महिलाएं बदलाव लाएंगीं।

इससे पूर्व प्रियंका गांधी मक्खनपुर के गांव नगला तुर्किया में सितारा देवी के घर पहुंचकर चाय पी और उनके द्वारा की जा रही चूड़ी झलाई के कार्य को भी समझा। कार्यक्रम के अंत में प्रियंका गांधी ने महिलाओं के साथ सेल्फी भी ली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *