निरीक्षक, उपनिरीक्षक और आरक्षियों को वार्षिक रूप से दो हजार रुपये का मिलेगा सिम भत्ता

0

लखनऊ, 29 दिसम्बर (हि.स.)। शासन ने बुधवार को निरीक्षक, उपनिरीक्षक, लिपिक संवर्ग, मुख्य आरक्षी और आरक्षी पद के कर्मियों के लिए उनके पौष्टिक आहार भत्ते में 25 फीसदी की वृद्धि की है। साथ ही नागरिक पुलिस व पीएसी के फील्ड ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी और आरक्षी पद के कर्मियों को वार्षिक रूप से दो हजार रुपये सिम भत्ता दिये जाने का भी निर्णय लिया गया है।

अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि निरीक्षक,उपनिरीक्षक,लिपिक संवर्ग को वर्तमान में अनुमन्य भत्ता 1200 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये, मुख्य आरक्षी व आरक्षी को वर्तमान अनुमन्य भत्ता 1500 रुपये से बढ़ाकर 1875 रुपये तथा चतुर्थ श्रेणी के कर्मियों को वर्तमान अनुमन्य भत्ता 1350 रुपये से बढ़ाकर 1688 रुपये करने का निर्णय लिया गया है।

श्री अवस्थी ने यह भी बताया कि प्रदेश के अन्दर कानून-व्यवस्था एवं शान्ति व्यवस्था को बनाए रखने, विभिन्न घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा घटना स्थल पर शीघ्रातिशीघ्र पहुंचने के दृष्टिगत पीएसी व नागरिक पुलिस के फील्ड ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी व आरक्षी तक के कर्मियों को वार्षिक रूप से दो हजार रुपये का सिम भत्ता दो भागों में प्रथम जनवरी में रुपये एक हजार (जनवरी से जून) एवं द्वितीय जुलाई में रुपये एक हजार (जुलाई से दिसम्बर) दिये जाने का भी निर्णय लिया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *