पार्किंग स्थल से दर्शकों को ग्रीनपार्क स्टेडियम तक लाने के लिए लगेंगी सिटी बस

0

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों के साथ स्टेडियम व 11 स्थानों पर बनी पार्किंग का लिया जायजा

 मैच के दौरान बोतल के बजाए पाउच में दर्शकों को उपलब्ध कराया जाएगा पानी



कानपुर, 22 नवम्बर (हि.स.)। ग्रीनपार्क में 25 नवम्बर से शुरू होने जा रहे भारत बनाम न्यूजीलैंड के टेस्ट मैच के लिए कमिश्नरेट पुलिस की तैयारियां अंतिम दौर में है। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों के साथ मैदान का निरीक्षण किया व तैयारियां देखीं और अफसरों व मातहतों को चौकसी दुरूस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मैच के दौरान दर्शकों को बोतल के बजाए पाउच में ही पानी उपलब्ध कराने को निर्देशित किया।

पुलिस आयुक्त असीम अरुण, सहायक पुलिस आयुक्त आकाश कुलहरी, पुलिस उपायुक्त अपराध सलमान ताज पाटिल ने यूपीसीए के पदाधिकारियों के साथ मैच की तैयारियां देखी। निरीक्षण में मैदान के अंदर की तैयारियां दुरुस्त मिली। दर्शकों के लिए 11 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग मैदान से दूर होने के कारण वृद्ध व जरूरतमंद लोगों को असुविधा न हो इसके लिए पुलिस आयुक्त असीम अरुण ने सिटी बस चलाने के लिये सुझाव दिया।

इसके लिए उन्होंने सिटी बस के अधिकारियों से बात करने और व्यवस्था के लिये यूपीसीए से समन्वय स्थापित करने को कहा। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने सभी स्टैंडों पर पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा साथ ही बोतल की जगह पाउच ले जाने की छूट देने को कहा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *