डब्ल्यूटीए फाइनल्स के सेमीफाइनल में पहुंची एनेट कोंटावेइट
ग्वाडलजारा, 13 नवंबर (हि.स.)। एस्टोनिया की स्टार महिला टेनिस खिलाड़ी एनेट कोंटावेइट ने डब्ल्यूटीए फाइनल्स के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। कोंटावेइट ने चेक गणराज्य की नंबर तीन वरीयता प्राप्त करोलिना प्लिस्कोवा को 6-4, 6-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
कोंटावेइट की यह लगातार 12वीं जीत है। आठवीं वरीय कोंटावेइट ने प्लिस्कोवा को केवल 57 मिनट में हराकर अपने पदार्पण डब्ल्यूटीए फाइनल्स टूर्नामेंट के अंतिम चार में स्थान पक्का किया।
कोंटावेइट ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा “बेशक, सेमीफाइनल में आकर बहुत रोमांचित हूं। मुझे लगा कि मैंने बहुत अच्छा मैच खेला है। मुझे लगता है कि मेरे लिए जितना संभव हो उतना सुसंगत होना बहुत महत्वपूर्ण था। मेरा खेल और बेहतर होता जा रहा है।”
उन्होंने कहा, “इससे पहले मुझे प्लिस्कोवा के खिलाफ पिछले तीन मैचों में शिकस्त मिली थी और इस मुकाबले से पहले मैंने इसके बारे में नहीं सोचा। मुझे लगता है कि हर बार जब आप कोर्ट पर कदम रखते हैं, तो आपके पास एक नया अवसर होता है। पिछले मैच वास्तव में मायने नहीं रखते हैं। यह एक नया दिन है और आपको उस खिलाड़ी को हराना है जिसके खिलाफ आप खेल रहे हैं।”
