एआईएफएफ ने खेल रत्न पुरस्कार के लिए चयनित होने पर सुनील छेत्री को दी बधाई
नई दिल्ली, 3 नवंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने भारतीय सीनियर पुरुष राष्ट्रीय टीम के कप्तान सुनील छेत्री को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए चयनित होने पर बधाई दी है।
सुनील जिन्हें पहले प्रतिष्ठित पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है, खेल रत्न का पुरस्कार पाने वाले पहले भारतीय फुटबॉलर हैं।
अपने बयान में एआईएफएफ के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने कहा, “बधाई! सुनील से ज्यादा इसके लायक कोई नहीं है। वह भारतीय फुटबॉल के ध्वजवाहक और रोल मॉडल रहे हैं, जिन्होंने वर्षों में अपने देश और अपने सभी क्लबों के लिए कई पुरस्कार जीते हैं। मैं उनके भविष्य के प्रयासों में उन्हें शुभकामनाएं देता हूं, और निकट भविष्य में भारतीय फुटबॉल को अभूतपूर्व गौरव की ओर एक साथ ले जाने के लिए तत्पर हूं।”
एआईएफएफ के महासचिव कुशल दास ने अपने बयान में कहा, “ सुनील को मेरी ओर से हार्दिक बधाई। मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार देश के सभी खेल पुरस्कारों का शिखर है और सुनील इस पुरस्कार के हकदार हैं। वह एक जीवित किंवदंती है, जिसे सभी प्रशंसक देखते हैं। मैं उन्हें उनके पेशेवर और निजी जीवन के लिए शुभकामनाएं देता हूं। आप भारतीय फुटबॉल के सच्चे ध्वजवाहक रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा,”मैं उम्मीद करता हूं कि यह पुरस्कार अन्य सभी भारतीय फुटबॉलरों के लिए प्रेरणा बनेगा और उन्हें अपने करियर में उच्च स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेगा।”
राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह 13 नवंबर, 2021 को राष्ट्रपति भवन में आयोजित किया जाएगा।
सुनील (80 गोल) वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय फुटबॉलरों के बीच गोल करने वालों की सूची में लियोनेल मेसी के साथ दूसरे स्थान पर हैं, सूची में क्रिस्टियानो रोनाल्डो 115 गोल के साथ शीर्ष पर हैं।