मोदी के रैली में सीरियल ब्लास्ट करने वाले गद्दारों को कोर्ट ने दी है सही सजा : गिरिराज सिंह

0

बेगूसराय, 02 नवंबर (हि.स.)। आठ साल पहले पटना के गांधी मैदान में नरेंद्र मोदी के हुंकार रैली में सीरियल ब्लास्ट के चार दोषी को फांसी की सजा दिए जाने पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने न्यायालय का आभार जताया है। इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष पर भी जोरदार हमला किया है। मंगलवार को गिरिराज सिंह ने कहा कि उस दिन की घटना को याद कर आज भी सिहर जाता हूं। मैं भी उस मंच पर था और जीवन में ऐसा सीरियल ब्लास्ट नहीं देखा। हमारे कुछ साथी जीवन से हाथ धो बैठे तो कुछ दिव्यांग हो गए। हमलावरों का निशाना नरेंद्र मोदी थे, अगर नरेंद्र मोदी उस मंच पर रहते तो क्या होता यह कहना मुश्किल है, क्योंकि निशाना नरेंद्र मोदी को ही बनाया गया था।

गिरिराज सिंह ने कहा कि हिंदुस्तान को किसी भी दूसरे देश से कोई खतरा नहीं है, इसे देश के विदेशी दुश्मनों से भी कोई खतरा नहीं है। हिंदुस्तान को खतरा है तो यहां देश में छुपे हुए देसी गद्दारों से। वह कोई मामूली ब्लास्ट नहीं था, घटना में शामिल गद्दारों को सजा देने के लिए कोर्ट का धन्यवाद। आज देश के करोड़ों देशभक्त कोर्ट का सम्मान कर रहे हैं। लेकिन कोई टुकड़े-टुकड़े गैंग ने ब्लास्ट की निंदा नहीं किया, पता नहीं उनके लिए देश बड़ा है या गैंग। इसके साथ ही गिरिराज सिंह ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी जोरदार हमला किया है। अखिलेश यादव द्वारा एक मंच से जिन्ना को भारत को आजाद कराने वाला बताए जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि यह कौन सी तुष्टीकरण की नीति है। महज अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए अखिलेश यादव भारत को तोड़ने वाले जिन्ना को अपना मानने लगे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *