भीषण हादसा: देहरादून के चकराता में वाहन खाई में गिरने से 13 लोगों की मौत, कई घायल

0

देहरादून, 31 अक्टूबर (हि.स.)। देहरादून जिले के चकराता तहसील के अंतर्गत त्यूणी बुल्हाड़ बायला रोड पर बायला गांव से विकासनगर जा रहे वाहन के गहरी खाई में गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 3 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए राहत व बचाव के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह बायला से विकास नगर की जा रही एक यूटिलिटी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में यूटिलिटी सवार 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 3 सवारी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

राजस्व और थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंच कर राहत बचाव कार्य में जुट गई हैं। एसडीएम चकराता पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है। साथ ही बचाव कार्य आसपास के ग्रामीणों द्वारा चलाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की आत्मा को शांति और परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तेजी से राहत व बचाव कार्य करते हुए घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

एसडीएम चकराता सौरभ असवाल ने कहा घटनास्थल के लिए चकराता व त्यूणी तहसील से राजस्व टीम मौके के लिए रवाना कर दी गई है। जानकारी मिलते ही चकराता के विधायक और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं। काबीना मंत्री गणेश जोशी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार ये सभी ग्रामीण एक ही गांव के बताए जा रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *