प्याज के दाम में स्थिरता, आलू-टमाटर के भाव में नरमी लाने के प्रयास जारी : सरकार

0

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहार सीजन में प्याज, टमाटर और आलू की आसमान छूती कीमतों के बीच सरकार ने इस पर नियंत्रण के प्रयास शुरू कर दिए हैं। देशभर में तीन मुख्य सब्जियों की कीमतों के बीच सरकार ने कहा है कि बफर स्टॉक जारी होने से प्याज के दाम को स्थिर किया जा रहा है, जबकि टमाटर और आलू की कीमतों में नरमी के प्रयास जारी हैं। हालांकि, प्याज, टमाटर और आलू की कीमतें पिछले साल के मुकाबले कम है।

केंद्रीय खाद्य और उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने रविवार को कहा कि प्याज के स्टॉक को अगस्त के अंतिम हफ्ते से फर्स्ट-इन-फर्स्ट-आउट (एफआईएफओ) के आधार पर बाजार में उपलब्ध कराया जा रहा है, जो कीमत को कम करने और न्यूनतम भंडारण हानि सुनिश्चित करने के दोहरे उद्देश्यों के लिए निर्देशित है। इसके फलस्वरूप 14 अक्टूबर को महानगरों में खुदरा प्याज के भाव 42 से 57 रुपये प्रति किलो ग्राम के दायरे में पहुंच गई है। वहीं, प्याज की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत 37.06 रुपये प्रति किलो ग्राम थी, जबकि औसत थोक दर 30 रुपये प्रति किलो ग्राम थी।

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक खुदरा बजारों में 14 अक्टूबर को प्याज की कीमत चेन्नई में 42 रुपये प्रति किलो, दिल्ली में 44 रुपये प्रति किलो, मुंबई में 45 रुपये प्रति किलो और कोलकाता में 57 रुपये प्रति किलो पर रही। मंत्रालय ने कहा कि प्याज का बफर स्टॉक उन राज्यों में जारी किया जा रहा है, जहां कीमतें अखिल भारतीय औसत से ऊपर हैं और कीमतें पिछले महीने की तुलना में बढ़ रही हैं। उपभोक्ता मामलों के विभाग ने कहा कि 12 अक्टूबर, 2021 को दिल्ली, कोलकाता, लखनऊ, पटना, रांची, गुवाहाटी, भुवनेश्वर, हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई, चंडीगढ़, कोच्चि और रायपुर जैसे प्रमुख बाजारों में कुल 67,357 टन प्याज जारी किया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *