09 अक्टूबर इतिहास के पन्नों में

0

संगीत से सजा सफरः रामानंद सागर निर्देशित ‘रामायण’ धारावाहिक से घर-घर में हर छोटी-बड़ी उम्र के लोगों व तबके में अपनी पहचान बनाने वाले हिंदी फिल्मों के जाने-माने संगीतकार और गीतकार रवींद्र जैन का 9 अक्टूबर 2015 को 71 साल की उम्र में मुंबई में निधन हो गया। रामायण धारावाहिक में उन्होंने संगीत देने के साथ-साथ रामचरितमानस की कई चौपाइयों को आवाज भी दी। हिंदी फिल्मों के लिए दिये गए उनके बेहद कर्णप्रिय और भाव प्रवण गीतों के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाता रहेगा।

रवींद्र जैन का जन्म 28 फरवरी 1944 में उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के रामपुर गांव में हुआ। रवींद्र जैन जन्म से ही देखने में असमर्थ थे।लेकिन संगीत के प्रति अथक मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने फिल्म जगत में अपना विशिष्ट स्थान बनाया। संगीतकार, गीतकार और गायक के रूप में रवींद्र जैन अपनी तरह के इकलौते हैं। अपने दौर में राजकपूर, बीआर चोपड़ा जैसे बड़े फिल्म निर्देशकों के साथ उन्होंने काम किया।

फिल्मों में आने से पहले वे भजन गाते थे। बाद के फिल्मी करियर में उन्होंने ‘गीत गाता चल’, ‘जब दीप जले आना’, ‘अंखियों के झरोखों से’ , ‘श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम’ ‘अयोध्या करती है आह्वान’ जैसे दर्जनों बेहतरीन गीत दिये। उन्हें 2015 में पद्मश्री और 1985 में फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ के लिए फिल्म फेयर सर्वश्रेष्ठ संगीतकार पुरस्कार मिला था। रवींद्र जैन की आंखों में रोशनी नहीं थी लेकिन संगीत के हुनर से उन्होंने भारतीय संगीत को अपनी तरह से रौशन किया। उन्होंने कभी कहा था- मैं ईश्वर का शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने मेरी आंखों की बजाय मेरा दिमाग रौशन किया।

अन्य अहम घटनाएं:

1776: अमेरिकी संसद ने आधारिक तौर पर देश का नाम ‘यूनाइटेड कॉलोनीज’ से बदलकर संयुक्त राज्य अमेरिका किया।

1876: पहली बार टेलीफोन पर आउटडोर वायर के माध्यम से दोतरफा बातचीत हुई।

1920: अलीगढ़ का एंग्लो ओरिएंटल कॉलेज अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में रूपांतरित हुआ।

1945: सुप्रसिद्ध सरोद वादक अमजद अली खां का जन्म।

1962: अफ्रीकी देश युगांडा गणतंत्र बना।

1966: छत्तीसगढ़ के ख्यातिप्राप्त पंथी नृत्य कलाकार राधेश्याम बारले का जन्म।

1967: अर्जेंटीना के मशहूर मार्क्सवादी चे ग्वेरा की हत्या।

1998: पाकिस्तान की नेशनल एसेंबली ने इस्लामी शरीयत कानून को देश के सर्वोच्च कानून के रूप में अनुमोदित किया।

2006: गूगल ने यू ट्यूब के अधिग्रहण की घोषणा की।

2006: राजनेता और बसपा के संस्थापक कांशीराम का निधन।

2012: पाकिस्तान की मलाला यूसुफजई को आतंकवादियों ने गोली मारी। उन्हें बाद में नोबेल पुरस्कार मिला।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *