पाकिस्तान आधारित मॉड्युल के तहत एक और आतंकी मुंबई से गिरफ्तार

0

नई दिल्ली, 18 सितम्बर (हि.स)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा पाकिस्तान बेस्ड आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया गया है। इस मॉड्यूल से जुड़े हुए एक अन्य संदिग्ध आतंकी ज़ाकिर को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस की मदद से उसकी गिरफ्तारी हुई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल उसे लाने के लिए मुंबई रवाना हो चुकी है। इस मामले में यह आठवीं गिरफ्तारी है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बीते मंगलवार को पाकिस्तान के हैंडलर द्वारा चलाए जा रहे आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया था। उन्होंने इस मॉड्यूल से जुड़े हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से दो पाकिस्तान जाकर ट्रेनिंग लेकर भी आए थे। यह लोग आने वाले त्योहार के समय दिल्ली, यूपी, महाराष्ट्र आदि राज्यों में धमाके करने की साजिश रच रहे थे। इनसे हुई पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि मुंबई का रहने वाला जाकिर भी उनके साथ साजिश में शामिल था। इसके बाद यह जानकारी मुंबई पुलिस के साथ साझा की गई, जिन्होंने जाकिर को पकड़ लिया है। स्पेशल सेल की टीम मुंबई रवाना हो गई है, जो उसे दिल्ली लाकर इस मामले में गिरफ्तार करेगी।

दिल्ली पुलिस इस मामले में यूपी से ओसामा के चाचा हुमेद उर रहमान को भी गिरफ्तार करने के लिए गई है। उसने कल प्रयागराज स्थित थाने में जाकर आत्मसमर्पण किया था। पुलिस को उसकी तलाश थी। पुलिस टीम उसे भी दिल्ली लेकर आएगी, जहां आगे की पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी कई अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है, जो इस मॉड्यूल से जुड़े हुए थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *