इग्नू ने री-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक बढ़ाई
नई दिल्ली, 17 अगस्त (हि.स.)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई-2021 सत्र के लिए पुन: पंजीकरण (री-रजिस्ट्रेशन) की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक बढ़ा दी है। पहले ऑनलाइन री-रजिस्ट्रेशन विंडो 16 अगस्त को बंद होने वाली थी।
इग्नू ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर कहा कि वर्तमान छात्र विश्वविद्यालय के पंजीकरण पोर्टल पर लॉग इन कर जुलाई 2021 सत्र के लिए स्वयं को पंजीकृत कर सकते हैं। शिक्षार्थियों को कैप्चा सत्यापन के साथ अपना नामांकन संख्या और पासवर्ड भरना होगा।
इग्नू ने आवेदन शुल्क के भुगतान के संबंध में छात्रों को कुछ दिशानिर्देश दिए हैं। शिक्षार्थियों को भुगतान के लिए अपने स्वयं के कार्ड या नेट बैंकिंग के इस्तेमाल की सलाह दी गई है। वह भीम ऐप सहित यूपीआई के माध्यम से भी शुल्क का भुगतान कर सकते हैं।
