दिल्ली : छह साल की मासूम के साथ दुष्कर्म, पीड़िता की हालत गंभीर

0

नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके में छह साल की मासूम के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाला 30 वर्षीय युवक मासूम को बहला-फुसला कर एक खाली कमरे में ले गया और वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपित ने किसी को कुछ बताने पर मासूम को जान से मारने की धमकी दी। देर शाम उसकी तबीयत बिगड़ी तो परिवार को इसका पता चला। फौरन मासूम को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने मामले में लापरवाही बरती और इसको गंभीरता से नहीं लिया। देर रात को इलाके में खबर फैली तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी एलबीएस अस्पताल बच्ची का हाल जानने पहुंच गए। अनिल चौधरी ने भी पुलिस पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाया। वहीं पुलिस अधिकारियों ने किसी भी तरह की लापरवाही बरतने की बात से इंकार किया है।

घटना दिल्ली के मयूर विहार थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुरी इलाके की है। वारदात बुधवार सुबह करीब 11 बजे हुई है। मासूम अपने घर के पास ही खेल रही थी। इस बीच पड़ोस में रहने वाला 30 वर्षीय तमिलनाडू निवासी युवक बच्ची को मिठाई दिलाने की बात कर अपने कमरे पर ले गया। वहां आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी को कुछ भी बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। बच्ची बुरी तरह डर गई। शाम के समय उसकी तबीयत बिगड़ी तो बच्ची ने परिजनों को सारी बात बताई। मासूम को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके साथ गलत काम होने का पता चला। परिजनों ने शाम करीब चार बजे पुलिस को खबर दी।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सूचना मिलने के बाद फौरन इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की पहचान कर ली गई है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की ओर से मामले में कोई लापरवाही नहीं बरती गई।

वहीं खबर मिलने के बाद कोंडली से आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर परिवार को बंधक बनाने का आरोप लगाया। विधायक ने कहा कि दिल्ली कैंट के बाद अब पूर्वी दिल्ली में मासूम को निशाना बनाया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *