फरीदाबाद:बंदूक का बट मारकर व्यापारी से लूटी नगदी

0

शहर में लगातार तीसरे दिन व्यापारी से लूट की घटना



फरीदाबाद, 27 जुलाई (हि.स.)। फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ उपमंडल में मंगलवार सुबह एक कोल्ड ड्रिंक व्यापारी से बंदूक के बट पर बदमाशों ने करीब 50 हजार रूपए की नगदी लूट ली और फरार हो गए। घटना को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। घायल व्यापारी को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जहां कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा के भाई टिपरचंद शर्मा ने व्यापारी से मुलाकात कर उन्हें सख्त कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया।

बल्लभगढ़ में लगातार तीन दिन में यह तीसरी घटना है, जिसमें व्यापारी से लूटपाट की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बल्लभगढ़ की शिव कालोनी निवासी लाला राजेंद्र का कोल्ड ड्रिंक का थोक का काम है। प्रतिदिन की तरह वह आज भी अपनी दुकान पर जा रहे थे कि रास्ते में मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन्हें रूकवाया और बंदूक दिखाकर नगदी मांगी जब उन्होंने मना किया तो बदमाशों ने व्यापारी को बंदूक का बट मार करीब 50 हजार की रूपए नगदी लूटकर फरार हो गए।

सोमवार को बल्लभगढ़ के बनियावाड़ा स्थित अपने घर से सीही गेट स्थित दुकान जा रहे व्यापारी देवेेंद्र गोयल से दो बंदूकधारी युवकों ने लूट का प्रयास किया परंतु व्यापारी की सूझबूझ से बदमाश बिना लूटपाट किए भाग गए। जबकि रविवार को बल्लभगढ़ की मेन मार्किट स्थित हलवाई देवेंद्र की दुकान पर बदमाशों ने लूट के उद्देश्य से फायरिंग की, लेकिन गोली व्यापारी को न लगकर दीवार में जा लगी। यहां भी बदमाश हजारों रूपए लूटकर ले गए थे। लगातार तीन दिनों से हो रही व्यापारियों से लूट की वारदातों को लेकर शहर के व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *