पत्नी का हत्यारा उड़ीसा के मंदिर में था पुजारी बनकर, नौ साल बाद गिरफ्तार

0

2012 में हुई थी हत्या, इंदिरापुरम पुलिस ने किया गिरफ्तार



गाजियाबाद, 26 जुलाई (हि.स.)। पत्नी की हत्या के आरोप में पिछले नौ साल से फरार चल रहे एक शख्स को गाजियाबाद की इंदिरापुरम पुलिस ने उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया है। यह शख्स उड़ीसा के एक मंदिर में वेश बदलकर पुजारी के रूप में रह रहा था।

पुलिस अधीक्षक नगर (द्वितीय) ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पड़ताल के बाद पुलिस तलाश करते हुए उड़ीसा पहुंच गई और वहां की स्थानीय पुलिस की सहायता से इस शातिर अपराधी को दबोच लिया। सोमवार को सुबह ही मनोज को पुलिस सुरक्षा के बीच गाजियाबाद लाया गया।

उन्होंने बताया कि 29 सितम्बर 2012 को इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा कॉलोनी में रहने वाली गीता नामक युवती की उसके पति मनोज ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इन दोनों ने 2007 में प्रेम विवाह किया था। हत्या के बाद मनोज फरार हो गया था। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए कुर्की आदि की भी कार्यवाही की थी, लेकिन मनोज का कुछ नहीं पता चला। उसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार का इनाम भी घोषित किया हुआ था।

मनोज ने पुलिस हिरासत में पत्रकारों को बताया कि 2007 में उसने गीता से विवाह किया था। 2010 से गीता और उसके बीच मन मुटाव हो गया था, जिसके चलते वह अलग रहने लगी थी और घरों में काम करके अपना जीवन निर्वाह कर रही थी। यह सब उसे पसंद नहीं आया और उसकी हत्या कर फरार हो गया था। नगर पुलिस अधीक्षक द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मनोज को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश कर दिया है, जहां उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार करने वाले पुलिस टीम को पुलिस उपमहानिरीक्षक अमित पाठक ने पांच हजार रुपये के नगद इनाम देने की घोषणा की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *