विश्वस्तरीय महाभारत-गीता म्यूजियम कुरुक्षेत्र में बनेगा

0

नई दिल्ली, 29 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार संयुक्त रूप से कुरुक्षेत्र में महाभारत व गीता से संदर्भित एक विश्वस्तरीय वर्चुअल म्यूजियम विकसित करेगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को प्रदेश की विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं की प्रगति व कार्यों के संदर्भ में यहां केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रहलाद सिंह पटेल से मुलाकात की। बैठक में हरियाणा की विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं की प्रगति व कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में कुरुक्षेत्र, आदिबद्री, राखी गढी, सांईस सिटी, एडवेंचर टूरिज्म व कुछ अन्य बिंदुओं पर विचार- विमर्श हुआ।
बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने संवाददाओं से बातचीत में कहा कि हरियाणा सरकार की महाभारत व गीता से संदर्भित वर्चुअल म्यूजियम की मूल संकल्पना है। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय भी इस संकल्पना से अत्यंत प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय और हरियाणा सरकार द्वारा संयुक्त रूप से कुरूक्षेत्र में महाभारत व गीता से संदर्भित एक विश्वस्तरीय वर्चुअल म्यूजियम विकसित किया जाएगा। प्रहलाद पटेल ने हरियाणा सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पर्यटन क्षेत्र में अपने स्वयं के संसाधनों से बड़े कार्य किए हैं। खट्टर सरकार ने कृष्णा सर्किट-1 पूर्ण कर लिया है और कृष्णा सर्किट-2 की योजना तैयार की है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि प्रदेश की विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं की प्रगति व कार्यों के संदर्भ में केंद्रीय पर्यटन राज्य से विचार-विमर्श हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने कई परियोजनाओं व बिंदुओं पर सहमति दी है।
बैठक में केद्रीय पर्यटन मंत्रालय के उच्चाधिकारियों के अतिरिक्त हरियाणा के नगर एवं आयोजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए के सिंह व हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी उमाशंकर मौजूद रहे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *