दिवंगत अभिनेता राजीव कपूर का चौथा नहीं होगा , नीतू कपूर ने बतायी वजह

0

फिल्म अभिनेता व निर्माता-निर्देशक राजीव कपूर अब हमारे बीच नहीं है। मंगलवार की सुबह दिल का दौरा पड़ने से 58 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से कपूर परिवार सदमे में है, तो  वहीं बॉलीवुड में शोक की लहर है। मंगलवार की शाम को राजीव कपूर का अंतिम संस्कार किया गया। लेकिन अब उन्हें लेकर एक खबर सामने आई है वह यह कि दिवंगत अभिनेता राजीव कपूर का चौथा नहीं किया जायेगा। कपूर परिवार ने देश में फैले कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए राजीव कपूर का चौथा नहीं करने का निर्णय लिया है। इसकी जानकारी अभिनेत्री नीतू कपूर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर दी। नीतू कपूर ने लिखा-‘”मौजूदा कोरोना वायरस पैनडेमिक की वजह से सुरक्षा कारणों के चलते स्वर्गीय मिस्टर राजीव कपूर का चौथा नहीं किया जाएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। पूरा राज कपूर परिवार इस दुख की घड़ी में एक साथ है।”
फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली ‘ से पहचान बना चुके राजीव कपूर का निधन मनोरंजन जगत की एक बड़ी और अपूरणीय क्षति है। वहीं उनके निधन ने कपूर परिवार को भी बड़ा झटका दिया है। पिछले साल ही कपूर परिवार ने अपने परिवार के दो अहम सदस्यों नीतू नंदा और ऋषि कपूर को खोया था और अब राजीव कपूर के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।राजीव कपूर ने कई फिल्मों में अभिनय किया जिसमें आसमान, मेरा साथी, राम तेरी गंगा मैली, लावा, लव बॉय, लव स्टोरी आदि प्रमुख हैं। इसके साथ ही उन्होंने साल 1999 में आई फिल्म ‘आ अब लौट चले’, 1991 में आई फिल्म ‘हिना’ और 1996 में आई फिल्म ‘प्रेमग्रंथ’ को प्रोड्यूस भी किया उन्होंने फिल्म प्रेम ग्रंथ को प्रोड्यूस करने के साथ-साथ उसका निर्देशन भी किया था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *