झारखंड की हेमंत सरकार के एक साल पूरे

0

कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास



रांची, 29 दिसम्बर (हि.स.)। झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने मंगलवार को एक साल पूरा कर लिया। इस अवसर पर रांची के मोरहाबादी मैदान में राज्य स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री ने किसानों के 50 हजार रुपये तक कर्ज माफी के झारखंड कृषि ऋण माफी योजना की शुरुआत की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 1710.26 करोड़ की 171 योजनाओं का उद्घाटन व 1529.06 करोड़ की 59 योजनाओं का शिलान्यास किया।
 
रांची नगर निगम भवन का उद्घाटन
इस दौरान रांची नगर निगम और झारखंड अर्बन प्लानिंग एंड मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (जुप्मी) के नवनिर्मित भवन का ऑनलाइन उद्घाटन भी किया गया। साथ ही कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर का उद्घाटन व रांची जोन 1 के सीवरेज प्रोजेक्ट समेत अन्य योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
 
सरकार जो वादे करती है, उसे पूरा करती है: रामेश्वर उरांव
राज्य के वित्त मंत्री और कांग्रेस नेता रामेश्वर उरांव ने इस मौके पर कहा कि एक साल में सरकार ने जनहित में कई काम किए। एक काम जो सीधे जनता के दिलों से जोड़ दिया, वह है सरना धर्म कोड को विधानसभा से पारित करना। उन्होंने कहा कि आदिवासी इलाकों में जाकर देखिए, सरकार के इस फैसले ने हेमंत सोरेन को लोगों के दिलों में बिठा दिया। लोग मानने लगे हैं कि यह सरकार जो वादे करती है, उसे पूरा करती है। उन्होंने कहा कि राज्य खाद्य सुरक्षा योजना की शुरुआत जल्द की जाएगी।
 
सरकार जनता के भरोसे पर खरा उतर रही है: आरपीएन सिंह
कांग्रेस नेता सह प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि एक साल पहले जब इसी मैदान में हेमंत सरकार शपथ ले रही थी तो लोगों की आंखों में मैंने भरोसा देखा था। अब सरकार उनके भरोसे पर खरा उतर रही है।कोविड जैसी महामारी के बाद भी हेमंत सरकार ने किसानों की कर्जमाफी, सरना धर्म कोड को विधानसभा से पारित करने संबंधी कई बड़े निर्णय लिए हैं।
 
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मिले मुख्यमंत्री
समारोह में पहुंचने के पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजभवन जाकर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें एक साल के कार्यकाल का ब्यौरा दिया गया। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने राजभवन से निकलने के बाद हेमंत सोरेन राज्य सरकार की पहली वर्षगांठ पर बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।इसके बाद मुख्यमंत्री मोरहाबादी मैदान स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे। तालियों की गड़गड़ाहट से लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
 

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *