दिल्ली यूनिवर्सिटी पीजी और अंडरग्रेजुएट कोर्सेज का रिजल्ट 30 नवम्बर तक जारी करेगी

0

नई दिल्ली, 24 नवम्बर (हि.स.)। दिल्ली यूनिवर्सिटी ने दिल्ली हाईकोर्ट में कहा है कि वो पीजी और अंडरग्रेजुएट कोर्सेज का रिजल्ट 30 नवम्बर तक जारी कर देगी। जस्टिस हीमा कोहली की अध्यक्षता वाली बेंच ने मामले पर अगली सुनवाई 2 दिसम्बर करने का आदेश दिया।

सुनवाई के दौरान दिल्ली यूनिवर्सिटी की ओर से वकील मोहिंदर रूपल ने कहा कि यूनिवर्सिटी पीजी और अंडरग्रेजुएट कोर्सेज का रिजल्ट 30 नवम्बर तक जारी कर देगी। तब कोर्ट ने इस मामले पर कोई आदेश देना टाल दिया और दिल्ली यूनिवर्सिटी से कहा कि अगर आपने 30 नवम्बर तक रिजल्ट जारी नहीं किया तो आपकी गर्दन फंस सकती है। उसके बाद कोर्ट ने 2 दिसम्बर को सुनवाई करने का आदेश दिया।

दरअसल हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दिल्ली यूनिवर्सिटी पर हाईकोर्ट के उस आदेश का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है, जिसमें कोर्ट ने 31 अक्टूबर तक सभी रिजल्ट जारी करने का आदेश दिया था। हाईकोर्ट ने प्रतीक शर्मा और नेशनल फेडरेशन ऑफ ब्लाईंड की याचिका का निस्तारण करते हुए 31 अक्टूबर तक सभी रिजल्ट जारी करने का आदेश दिया था। सुनवाई के दौरान प्रतीक शर्मा की ओर से वकील एचएस होरा ने कहा कि हाईकोर्ट ने 12 अक्टूबर को आदेश दिया था कि दिल्ली यूनिवर्सिटी पीजी और अंडरग्रेजुएट के सभी रिजल्ट 31 अक्टूबर तक जारी करे लेकिन दिल्ली यूनिवर्सिटी ने अभी भी सभी रिजल्ट जारी नहीं किया है।

पिछले 12 अक्टूबर को हाईकोर्ट ने दिल्ली यूनिवर्सिटी को निर्देश दिया था कि वह छात्रों के मार्कशीट अपनी वेबसाइट पर अपलोड करे। कोर्ट ने कहा था दिल्ली यूनिवर्सिटी किसी भी छात्र को मार्कशीट लेने के लिए उपस्थित होने के लिए नहीं कहेगी और छात्रों के लिए अपलोडेड मार्कशीट को डाउनलोड करना ही काफी होगा।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *