बिना परम्परागत प्रचार के चुनाव नहीं लड़ेगा राजद

0

राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद ने कहा, आप लॉकडाउन के बीच नहीं ले सकते चुनाव का फैसलामतदाताओं की सुरक्षा चुनाव आयोग का दायित्व  



पटना, 09 जुलाई (हि.स.) । राष्ट्रीय जनता दल परंपरागत चुनाव प्रचार के बगैर बिहार विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेगा। राजद की गुरुवार को हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में इस बात पर मुहर लग गई है। तेजस्वी यादव ने  विधानसभा चुनाव की  रणनीति तय करने के लिए अपनी पार्टी के नेताओं की   बुलाई थी। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा है कि राजद फर्जी तरीके से बिहार में चुनाव नहीं होने देगी। चुनाव आयोग को भले ही अधिकार है कि वह चुनाव कराए लेकिन हम परंपरागत चुनाव प्रचार के बगैर चुनाव नहीं चाहते।

राजद की बैठक के बाद जगदानंद सिंह ने कहा है कि उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन बिहार में कोरोना के कारण हालात बेकाबू हैं। अगर आप लॉकडाउन जैसे फैसले ले रहे हैं, तो ऐसे में चुनाव कैसे हो पाएगा, यही बड़ा सवाल है। जगदानंद सिंह ने कहा कि मतदाताओं की सुरक्षा को देखना आयोग का पहला धर्म होगा, लेकिन परंपरागत चुनाव प्रचार के बगैर हम चुनाव नहीं लड़ना चाहते। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजद की तैयारी सभी 243 विधानसभा सीटों पर है। भले ही महागठबंधन के अंदर सीट शेयरिंग में दूसरे दलों को सीट चली जाए लेकिन हमारी तैयारी सभी सीटों पर है। उन्होंने कहा कि सहयोगी दलों के बीच आपस में बातचीत जारी है और सभी मिल-बैठकर आगे का निर्णय लेंगे। मांझी पर सवाल किए जाने पर वे सवाल को टाल गए। अक्टूबर में लालू प्रसाद यादव के जेल से बाहर आने की खबरों पर जगदानंद सिंह ने कहा कि कानूनी प्रक्रिया के तहत ही लालू प्रसाद जेल से बाहर आ सकते हैं और हमें उम्मीद है कि अब उन्हें राहत मिलेगी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *