सिनेमाघरों में दीवाली पर अक्षय कुमार की ‘सूर्यवंशी’ और क्रिसमस पर रणवीर सिंह की ’83’ रिलीज होगी

0

अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ स्टारर ‘सूर्यवंशी’ और रणवीर सिंह स्टारर ’83’ इस साल की दो सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्में हैं। ‘सूर्यवंशी’ इस साल 24 मार्च और फिल्म ’83’ 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण ऐसा नहीं हो पाया। कोरोना वायरस के चलते देशभर में थियेटर बंद हैं। फिल्ममेकर्स अपनी फिल्मों को रिलीज करने के लिए ओटीटी प्लेटफॉर्म का सहारा ले रहे हैं। वहीं ‘सूर्यवंशी’ और  ’83’ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर नहीं, बल्कि दोनों ही फिल्में पहले थियेटर में ही रिलीज होगी।
दोनों फिल्मों को रिलीज के लिए नई तारीखें मिल ही गई है। ‘सूर्यवंशी’ इस साल दीवाली पर रिलीज होगी तो वहीं फिल्म ’83’ को क्रिसमस पर रिलीज किया जाएगा। फिल्म एंड ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने इसकी जानकारी दी है। फिल्म एंड ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्वीट किया-‘फिल्म ‘सूर्यवंशी’ और  ’83’ पहले सिनेमाघरों में रिलीज होगी, दीवाली पर ‘सूर्यवंशी’ और  क्रिसमस पर फिल्म ’83’ को रिलीज करने की योजना है।’
फिल्म ‘सूर्यवंशी’ को रोहित शेट्टी ने निर्देशत किया है। अक्षय कुमार फिल्म में पुलिस अफसर की भूमिका में हैं। उनके किरदार का नाम वीर सूर्यवंशी है। फिल्म में अक्षय कुमार अभिनेत्री कटरीना कैफ के साथ नजर आएंगे। फिल्म में गुलशन ग्रोवर भी हैं। ‘सूर्यवंशी’ में ‘सिंघम’ के स्टार अजय देवगन और ‘सिंबा’ स्टार रणवीर सिंह कैमियो रोल में नजर आएंगे।
कबीर खान के निर्देशन में बनी फिल्म ’83’ को क्रिसमस पर रिलीज किया जाएगा। फिल्म की कहानी साल 1983 में खेले गए क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत पर आधारित हैं। इस फिल्म में रणवीर सिंह कपिल देव की भूमिका में हैं, जबकि दीपिका पादुकोण इस फिल्म में कपिल देव की पत्नी रोमा देव का किरदार निभाती नजर आएंगी। फिल्म ’83’ में रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण के अलावा ताहिर राज भसीन, साकिब सलीम, चिराग पाटिल, दिनकर शर्मा, हार्डी संधू और पंकज त्रिपाठी भी अहम भूमिका में हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *