कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने भी दिया गुप्त दान

0

पूरी दुनिया इस समय वैश्विक महामारी कोरोना का सामना कर रही है। देश में जहां मंगलवार रात प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने इससे बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का सन्देश देते हुए 21 दिन का लॉकडाउन घोषित किया। वहीं कई सेलिब्रिटी भी प्रधानमंत्री का समर्थन करते हुए प्रशंसकों से घर में रहने की अपील कर रहे हैं। इसके अलावा कई सेलेब्स इस लड़ाई में अपने-अपने स्तर से कोरोना पीड़ितों की मदद भी कर रहे हैं। बॉलीवुड के स्टार इस लड़ाई में अपना योगदान दे रहे हैं। वहीं इस कड़ी में एक और नाम जुड़ गया हैं स्टार कपल अनुष्का शर्मा और विराट कोहली का। अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए दान दिया है। इसकी जानकारी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने सोशल मीडिया पर दी। हालांकि अनुष्का ने यह खुलासा नहीं किया है कि उन्होंने दान में कितनी राशि दी है। अनुष्का ने लिखा-‘मैं और विराट पीएम  केयर्स फंड और मुख्यमंत्री राहत कोष में अपना सहयोग दे रहे हैं। कोरोना वायरस से प्रभावित लोगों को देखकर हमारा दिल टूट गया है। इस योगदान के पीछे हमारा सिर्फ एक ही लक्ष्य है उनका दर्द कुछ हद तक कम हो।’
अनुष्का और विराट के प्रशंसक जमकर उनकी सराहना कर रहे हैं। एक प्रशंसक ने लिखा-‘भारत को इसकी जरुरत थी। धन्यवाद अनुष्का!’ वहीं एक दूसरे प्रशंसक ने लिखा-‘हमे आप पर गर्व हैं!’ वहीं एक ने लिखा-‘आप दोनों महान हो!’ अनुष्का शर्मा और विराट कोहली सोशल मीडिया के माध्यम से अपने फैंस को इस महामारी के खिलाफ लड़ने के लिए जागरूक करते रहे हैं। फिलहाल अनुष्का शर्मा और विराट कोहली अपने घर में समय बिता रहे हैं। हाल ही अनुष्का ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था, जिसमें वह अपने पति विराट कोहली की हेयरड्रेसर बनी थी। सोशल मीडिया पर यह वीडियो काफी वायरल हुआ था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *