कोरोना वायरस से लड़ने के लिए सचिन तेंदुलकर ने दिया 50 लाख रुपए का दान

0

नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने कोरोना वायरस महामारी से लड़ने के लिए 50 लाख रुपए दान किए हैं। तेंदुलकर का दान अबतक भारत में किसी भी खिलाड़ी  द्वारा किया गया दान में सबसे ज्यादा है।
उन्होंने कोरोना वायरस से लड़ने के लिए 25 लाख रुपए प्रधानमंत्री रिलीफ फंड में और 25 लाख रुपए मुख्यमंत्री रिलीफ फंड में दान किए। तेंदुलकर बहुत से चैरिटी कार्यों से जुड़े रहते हैं और उन्होंने कई बार लोगों की मदद भी की है।
सचिन तेंदुलकर के अलावा पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी कोरोना से लड़ने के लिए 1 लाख रुपए का दान दिया है। धोनी ने यह दान पुणे की एक एनजीओ को दिया। इसके अलावा पठान भाइयों ने भी 4000 मास्क दान में दिए थे।
खेल जगत से लगातार खिलाड़ी अब आगे आ रहे हैं। दान देने के साथ-साथ खिलाड़ी सोशल मीडिया पर भी लगातार लोगों को जागरूक करने का काम कर रहे हैं।
बता दें कि, चीन के वुहान शहर से शुरू हुए कोरोना वायरस ने विश्व भर में 24000 से ज्यादा लोगों की जान ली है। वहीं भारत में मरने वालो की संख्या 17 हो चुकी है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *