प्रधानमंत्री ने की जनता कर्फ्यू को सफल बनाने की अपील

0

प्रधानमंत्री मोदी की विनती, देशव्यापी अभियान का बने हिस्सा



नई दिल्ली, 22 मार्च (हि.स.)। जनता क‌र्फ्यू की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर सभी राज्य सरकारों ने सफल बनाने के लिए अपनी-अपनी तरफ से पहल शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री ने आज सुबह ट्वीट कर कहा कि जनता कर्फ्यू शुरू हो रहा है। मेरा आग्रह है कि सभी नागरिक इस देशव्यापी अभियान का हिस्सा बनें और कोरोना के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाएं। हमारा संयम और संकल्प इस महामारी को परास्त करके रहेगा।

 पीएम मोदी के आज के ट्वीट से पहले ही दिल्ली सरकार ने जहां दिहाड़ी कामगारों को मुफ्त राशन देने और पांच से अधिक लोगों के इकट्ठा  होने पर पाबंदी की घोषणा की है। वहीं अन्य राज्यों ने लोगों से रविवार को अपने घरों में ही रहने और बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। निजी कंपनियों, व्यापारी संगठनों ही नहीं अधिकांश राजनीतिक दलों, बॉलीवुड हस्तियों से लेकर उद्योग जगत के प्रमुख चेहरों ने भी जनता क‌र्फ्यू का पूरा समर्थन करने का एलान किया।  महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसके मद्देनजर रेलवे ने आज से आम लोगों के लिए मुंबई की लोकल ट्रेनों से यात्रा करने पर पाबंदी लगाने का फैसला किया। यानी, 22 मार्च से आम लोग मुंबई लोकल से सफर नहीं कर पाएंगे। भारत में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामलों की संख्या बढ़कर 322 पहुंच गई है । इनमें से 22 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी भी मिल गई है। हालांकि 5 लोगों की मौत हो गई। कई राज्यों ने इस महामारी पर रोक लगाने के लिए लोगों की आवाजाही और भीड़भाड़ को सीमित करने के अलावा कई एहतियाती उपायों की घोषणा की है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर आज सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक जनता कर्फ्यू की घोषणा की गई है। इस दौरान लोग घर पर ही रहेंगे और संक्रमण को फैलने से रोकने में सरकार की मदद करेंगे। दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता जैसे महानगरों में मेट्रो व नगरीय ट्रेन सेवाएं भी नहीं चलेंगी। शनिवार रात 12 बजे से हफ्तेभर के लिए भारत आने और जाने वाली सभी नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भी स्थगित कर दिया गया है।
 केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार को सभी राज्यों को दिशानिर्देश जारी कर जनता क‌र्फ्यू के दौरान लोग बाहर न निकलें, यह सुनिश्चित करने को कहा था।जनता कर्फ्यू’ के मद्देनजर 22 मार्च को रात 10 बजे तक सभी पैसेंजर और इंटरसिटी ट्रेनें रद कर दी गई हैं।
 कोरोना वायरस ( कोविड-19) के कारण बनी संकट की स्थिति के बीच देश आज रविवार सुबह सात से रात नौ बजे के बीच ‘जनता क‌र्फ्यू’ के 14 घंटे पूरे देश के लिए बेहद अहम होंगे।
 आवश्यक सेवा से जुड़े लोगों मसलन चिकित्सा, पुलिस, मीडिया और ऑनलाइन डिलीवरी कर्मियों को उनके काम की अनिवार्यता को देखते हुए जनता क‌र्फ्यू से छूट मिलेगी।
 क्या है जनता क‌र्फ्यू?
 क‌र्फ्यू का आशय लोगों को उनके घरों में रोके रहना होता है। आमतौर पर कानून एवं व्यवस्था से जुड़े मामले में प्रशासन की ओर से इसकी घोषणा होती है। इस बार देश को एक महामारी से बचाने के लिए प्रधानमंत्री की अपील पर ऐसा हो रहा है। यह ऐतिहासिक पल है जब जनता स्वेच्छा से क‌र्फ्यू का हिस्सा बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *