हांगकांग के मीडिया उद्यमी जिमी लाई गिरफ्तार

0

हांगकांग, 28 फरवरी (हि.स.)। हांगकांग पुलिस ने अवैध रूप से जमा भीड़ में शामिल होने के आरोप में बीजिंग के मुखर आलोचक और मीडिया उद्यमी जिमी लाई और दो अन्य लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ताओं को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि जिमी लाई ने हांगकांग के लोकतंत्र-समर्थक आंदोलन को वित्तीय मदद की है।

लाई पर 31 अगस्त को एक अवैध मार्च में भाग लेने का आरोप भी है।उन्होंने एक ऐसे समूह का साथ दिया, जिसने उस दिन दो घंटे के लिए एक केंद्रीय चौराहे पर गीत गाये और प्रार्थना की थी। वयोवृद्ध लोकतंत्र कार्यकर्ता ली चेउक-यान और येंग सुम को भी शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

हांगकांग पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वोंग तुंग क्वांग ने पत्रकार वार्ता में बताया कि अनुमति के बगैर हुई सभा में संदिग्ध भागीदारी के लिए 63 से 72 वर्ष की आयु के तीन स्थानीय लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि तीनों आरोपितों को 5 मई को अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के नाम नहीं बताए और कोई दूसरी जानकारी नहीं दी। लाई को शुक्रवार को कॉव्लून सिटी पुलिस स्टेशन से निकलते हुए देखा गया। सरकार विरोधी प्रदर्शनों के शांत होने के महीनों के बाद हांगकांग में यह गिरफ्तारी हुई है।

हांगकांग में पिछले साल 31 अगस्त को सबसे ज्यादा उग्र संघर्षों में से एक हुआ था। जिसमें लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने आंसू गैस और वॉटर कैनन का प्रयोग किया तो लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पेट्रोल बम फेंके।

हांगकांग में पुलिस ने विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के आरोप में 7,000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें से कई पर दंगों के आरोप लगाये गए हैं, जिसमें 10 साल तक की जेल की सजा हो सकती है। यह स्पष्ट नहीं है कि कितने लोग अभी भी हिरासत में हैं।

लाई को पहले भी 2014 में शहर के केंद्र में लोकतंत्र समर्थकों का धरना स्थल छोड़ने से इनकार करने के कारण गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद हांगकांग की घूसखोरी रोकने वाली एजेंसी ने 2014 में उनके घर पर छापा भी मारा था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *