कर्नाटक: जेडीएस मंत्री पुट्टराजू और उनके रिश्तेदारों के यहां आयकर के छापे

0

बेंगलुरु, 28 मार्च (हि.स.)। आयकर विभाग के अधिकारियों ने गुरुवार सुबह करीब 5.30 बजे मंड्या और मैसूरु में लघु सिंचाई और मंड्या जिला प्रभारी मंत्री सीएस पुट्टराजू और उनके रिश्तेदारों के आवासों पर एकसाथ छापेमारी शुरू की है। विभाग के छापे मंत्री के बड़े भाई के बेटे सी अशोक के घर पर भी मारे गए हैं। वह मंड्या जिला परिषद के सदस्य हैं और बताया जाता है कि अशोक मंत्री के व्यापारिक मामलों को संभालते थे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मैसूरु में सी अशोक के विजयनगर निवास पर 10 अधिकारियों की एक टीम छापेमारी कर रही है। चार कारों में आए अधिकारी रिकॉर्ड्स की जांच कर रहे हैं और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान उन्हें सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं। इस बीच सीएस पुट्टराजू ने तलाशी अभियान की निंदा करते हुए दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा कराई जा रही यह छापेमारी पूरी तरह से गलत साबित होगी। हमारे कार्यकर्ता इसका विरोध करने के लिए तैयार हैं, लेकिन मैंने उन्हें मना कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज से हमारे कार्यकर्ता चुनावी मैदान में उतरेंगे और कोई भी उन्हें रोक नहीं सकता। एक तरह से ये छापे आशीर्वाद के रूप में हैं। मैं इसके लिए भाजपा को धन्यवाद देता हूं कि उसने मुझे सक्षम बनाया है।
इससे पूर्व आयकर विभाग द्वारा बुधवार की देर शाम दक्षिण बेंगलुरु के कई स्थानों पर छापे मारे गए। ये छापे पांच व्यापारियों के आवासों पर मारे गए थे। पांचों व्यापारियों में तीन जेडीएस और दो कांग्रेस से संबद्ध रखते हैं। इनमें से एक की पहचान सिद्दीक सेठ के रूप में की गई है जो साउथ एंड सर्कल जयनगर निवासी हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *