लोकसभा चुनाव: भाजपा ने जारी की 36 उम्मीदवारों की तीसरी सूची, पुरी से संबित पात्रा मैदान में

0

नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। भाजपा ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर 36 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी। इसमे आंध्र प्रदेश, असम, महाराष्ट्र, मेघालय और ओडिशा की सीटें शामिल हैं। पार्टी ने राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा को ओडिशा की पुरी सीट से मैदान में उतारा है। इसके साथ ही पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए अब तक 221 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।
पार्टी ने शुक्रवार देर रात समाप्त हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद उम्मीदवारों के नाम घोषित किये। लोकसभा के साथ ही आंध्र प्रदेश प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए दूसरी सूची जारी करते हुए पार्टी ने 51 उम्मीदवारों के नाम घोषित किये हैं। जबकि ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए 22 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की है। पार्टी ने मेघालय की एक विधानसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव के लिए भी उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा की 184 उम्मीदवारों की पहली सूची में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का भी नाम शामिल था। पीएम मोदी वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह लालकृष्ण आडवाणी की जगह गांधीनगर सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा पार्टी ने केंद्रीय मंत्री वीके सिंह को गाजियाबाद, डॉ. महेश शर्मा को नोएडा से और स्मृति ईरानी को अमेठी से चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ से और नितिन गडकरी नागपुर से चुनाव लड़ेंगे। अन्य कद्दावर नेताओं की बात करें तो महाराष्ट्र में बीजेपी के अध्यक्ष रावसाहब दानवे जालना से चुनाव लड़ेंगे। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू अरुणाचल प्रदेश पश्चिम और जितेन्द्र सिंह उधमपुर से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। इसी तरह हेमा मालिनी मथुरा से, संजीव कुमार बालियान मुजफ्फरपुर से, सर्वेश कुमार मुरादाबाद से, डॉ सत्यपाल सिंह बागपत से चुनाव लड़ेंगे।संतोषकुमार गंगवार बरेली से, साक्षी महाराज उन्नाव से, पूनम महाजन मुंबई-नार्थ सेंट्रल से चुनाव लड़ेंगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *