भाजपा विधायक योगेश वर्मा को गोली मारी

0

No

लखीमपुर खीरी, 21 मार्च (हि.स.)। लखीमपुर के भाजपा विधायक योगेश वर्मा को पार्टी कार्यालय में गुरुवार को होली के उत्साह के बीच गोली मार दी गई। गोली उनके पैर में लगी। इसके बाद वहां अफरातफरी मच गई। विधायक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
भाजपा विधायक योगेश वर्मा गुरुवार को पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के बीच थे। इस बीच होली के हर्षोल्लास के बीच किसी ने उन्हें गोली मार दी, गोली उनके पैर में लगी। अचानक हुई घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई और तुरन्त विधायक को लखीमपुर के तुलसी मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, यहां उनकी हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है। जिलाधिकारी एस. सिंह के मुताबिक सदर विधायक योगेश वर्मा से कुछ लोगों की मुलाकात हो रही थी। इसी दौरान ये हमला हुआ।
पुलिस के मुताबिक गोली किसने चलाई अभी तक पता नहीं चल पाया है। विधायक खतरे से बाहर हैं, लेकिन अपने ऊपर हुए हमले से वह सदमे की हालत में हैं। इस वजह से उनसे बयान नहीं लिया जा सका है। हमले को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं घटना के बाद प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने पुलिस अधीक्षक पूनम से मामले की जानकारी ली और हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *