प्रधानमंत्री मोदी रविवार को पटना में संकल्प रैली को करेंगे सम्बोधित

0

नई दिल्ली, 02 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार तीन मार्च को पटना जायेंगे। वह करीब साढ़े 12 बजे दिन में गांधी मैदान में राष्ट्रीय जानतांत्रिक गठबंधन (राजग) की संकल्प रैली को सम्बोधित करेंगे। रैली को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान भी सम्बोधित करेंगे। रैली के मद्देनजर पूरे राजधानी को होर्डिंग्स, बैनर, झंडों से पाट दिया गया है। साथ ही जनसंपर्क अभियान को तेज कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीएम मोदी नई दिल्ली से एयरफोर्स के विशेष विमान से सुबह करीब साढ़े 11 बजे पटना पहुंचेंगे। इसके बाद वह से सीधे गांधी मैदान रैली स्थल पर पहुंचेंगे। उनके सवा दो घंटे तक यहां रहने की संभावना है। इसके बाद वह वापस हवाई अड्डा पहुंचेंगे और फिर विशेष विमान से नई दिल्ली लौट जायेंगे।
हमारे बिहार संवाददाता के मुताबिक प्रधानमंत्री के आगमन के मद्देनजर रैली की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से फुलप्रूफ कर दिया गया है। गांधी मैदान के पीएम के स्टेज के पास का आंतरिक सुरक्षा घेरा और बाह्य सुरक्षा घेरा एसपीजी ने सील कर दिया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *