राम की अयोध्या से जुड़ा है दक्षिण कोरिया का शहर ‘गिम्हे’

0

सियोल/नई दिल्ली, 21 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दक्षिण कोरिया के शहर गिम्हे के मेयर से मुलाकात की। इस शहर को भारत के राम की नगरी कहे जाने वाले अयोध्या की ‘सिस्टर सिटी’ कहा जाता है। गिम्हे के मेयर हिओ सियोंग गोन और प्रधानमंत्री मोदी की यह मुलाकात दक्षिण कोरिया के शहर सियोल में हुई, जहां पीएम मोदी ने गिम्हे के मेयर को एक बोधि वृक्ष का पौधा भेंट किया। ये अमूल्य भेंट भारत की ओर से दक्षिण कोरिया के साथ सदियों पुराने संबंधों का प्रतीक स्वरूप है।
इतिहासकारों के मुताबिक करीब 2 हजार साल पहले अयोध्या की एक राजकुमारी का विवाह तत्कालीन कोरिया के राजा से हुआ था। कोरियाई भाषा में राजा का नाम ‘सुरो’ था, वहीं भारतीय राजकुमारी को ‘हियो’ नाम से पुकारा जाता था। पहली सदी के लगभग हुए इस वैवाहिक संबंध से भारत-कोरिया के संबंध प्रगाढ़ होते गए। कोरियाई राजा सुरो को कोरिया के महानतम राजाओं में गिना जाता है और भारतीय राजकुमारी उनकी पहली पत्नी थीं, जिसके चलते कोरियाई राजपरिवार आज भी खुद को उनकी संतान मानते हैं।
उल्लेखनीय है कि उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में ही साल 2017 में भारत-कोरिया के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गया था, जिसमें दोनों देशों के बीच संस्कृति, पर्यटन जैसे क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने की बात कही गई थी। इसके अंतर्गत भारत के शहर अयोध्या और कोरियाई शहर गिम्हे के ऐतिहासिक संबंधों को भी सामने रखा गया था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दक्षिण कोरिया की आधिकारिक यात्रा पर सियोल गए हैं, जहां उन्होंने सियोल में योनसेई विश्वविद्यालय में बापू की प्रतिमा का अनावरण किया। दक्षिण कोरियाई नेतृत्व से मुलाकात करने के साथ दक्षिण कोरियाई कारोबारी जगत के साथ ‘भारत-दक्षिण कोरिया बिजनेस संगोष्ठी’ में हिस्सा लिया। पीएम मोदी ने भारत-कोरिया संसदीय मित्रता समूह की बैठक में भी हिस्सा लिया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *