सिद्धू को लेकर चैनल का तमाशा

0

मुंबई, 18 फरवरी, (हि स)। इस वक्त हर तरफ जोरशोर से चर्चा है कि पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान की भूमिका को लेकर नवजोत सिंह सिद्धू के बयान की प्रतिक्रिया में उनको कपिल शर्मा के कामेडी शो से हटा दिया गया है और उनकी जगह अर्चना पूरन सिंह को लाया गया है। इस खबर को लेकर सोशल मीडिया पर जहां अलग अलग बातें हो रही हैं, वहीं कपिल शर्मा की टीम से लेकर इस शो का टेलीकास्ट करने वाले सोनी चैनल का रवैया अस्पष्ट है। कपिल शर्मा की टीम जहां एक तरफ अर्चना पूरन सिंह का स्वागत करने की बात कर रही है, वहीं नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर ये टीम खामोश है। सोनी चैनल की ओर से रविवार की रात को सिद्धू की जगह अर्चना के होने को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई और उसे फौरन ही हटा लिया गया। सोनी चैनल की मीडिया टीम इस वक्त कपिल शर्मा के कामेडी शो में नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर कुछ कहने के लिए तैयार नहीं है। इस टीम का कहना है कि चैनल सही समय पर बयान जारी करेगा। इससे पहले चैनल से जुड़े सूत्रों ने संकेत दिए थे कि पुलवामा हमले के बाद सिद्धू के बयान को लेकर तीखे रेस्पांस के बाद उनको हटाने का फैसला हुआ। सिद्धू के बयान से नाराज लोगों ने कपिल शर्मा के शो का बायकॉट करने की बात शुरु कर दी थी। दूसरी ओर, चर्चा ये भी है कि अर्चना पूरन सिंह को कपिल शर्मा के शो से जोड़ने की बात कई दिन पुरानी है और वे इस शो की कड़ियों की शूटिंग भी पुलवामा हमले से पहले कर चुकी हैं। चर्चा है कि राजनैतिक व्यस्तता के चलते नवजोत सिंह सिद्धू की ओर से इस शो से कुछ दिनों के लिए ब्रेक लेने की बात हो चुकी थी और मेहमान के तौर पर अर्चना पूरन सिंह को लाया गया था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *