दुनियाभर में सराहा जा रहा मिशन इंद्रधनुष-नरेन्द्र मोदी

0

वृन्दावन-मथुरा, 11 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि मिशन इंद्रधनुष को आज दुनियाभर में सराहा जा रहा है। इसके तहत देश के हर बच्चे तक पहुंचने का लक्ष्य लिया गया। अब तक इस मिशन के तहत देश में लगभग 3 करोड़ 40 लाख बच्चों और करीब 90 लाख गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण करवाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जिस गति से काम हो रहा है, उससे तय है संपूर्ण टीकाकरण का लक्ष्य अब ज्यादा दूर नहीं है। यदि हम सिर्फ पोषण के अभियान को हर माता, हर शिशु तक पहुंचाने में सफल हुए तो अनेक जीवन बच जाएंगे।
प्रधानमंत्री वृंदावन के अक्षय पात्र फाउंडेशन के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हाल में ही एक मशहूर मेडिकल जर्नल ने मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम को दुनिया की 12 बेस्ट प्रेक्टिसेस में चुना है। उन्होंने कहा कि हमने टीकाकरण अभियान को तेजी तो दी ही है, टीकों की संख्या में भी बढ़ोतरी की है। पहले के कार्यक्रम में पांच नए टीके जोड़े गए हैं, जिसमें से एक एनसेफलाइटिस यानि जापानी बुखार का भी है, जिसका सबसे ज्यादा खतरा उत्तर प्रदेश में देखा गया है। अब कुल 12 टीके बच्चों को लगाए जा रहे हैं
प्रधानमंत्री ने कहा कि बच्चों के सुरक्षा कवच का एक और महत्वपूर्ण पहलू है स्वच्छता है। स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से इस खतरे को दूर करने का बीड़ा हमने उठाया। उन्होंने कहा कि एक अन्तरराष्ट्रीय रिपोर्ट आई है, जिसमें संभावना जताई गई कि सिर्फ स्वच्छ भारत मिशन से, करीब तीन लाख लोगों का जीवन बच सकता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इसी सोच के साथ हमारी सरकार ने पिछले वर्ष राजस्थान के झूंझनू से देशभर में राष्ट्रीय पोषण मिशन की शुरुआत की थी। पिछले वर्ष सितम्बर के महीने को पोषण के लिए ही समर्पित किया गया था। अब बदली परिस्थितियों में पोषकता के साथ, पर्याप्त और अच्छी गुणवत्ता वाला भोजन बच्चों को मिले, ये सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस काम में अक्षय पात्र से जुड़े आप सभी लोग, खाना बनाने वालों से लेकर खाना पहुंचाने और परोसने वाले तक के काम में जुटे सभी व्यक्ति देश की मदद कर रहे हैं
उन्होंने कहा कि आज थोड़ी देर बाद मुझे कुछ बच्चों को अपने हाथ से खाना परोसने का अवसर मिलने वाला है। जितनी थालियां परोसी जाएंगी, उसमें से एक थाली 3 अरबवी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बताया गया है कि 1500 बच्चों से ये अभियान शुरु हुआ था और आज 17 लाख बच्चों को पोषक आहार से जोड़ रहा है।
उन्होंने लाखों गरीब बच्चों को भोजन उपलब्ध करने के लिए अक्षय पात्र फाउंडेशन को साधुवाद और शुभकामनाएं दी। प्रधानमंत्री ने गीता के श्वलोक का उदाहण देते हुए कहा कि जो दान कर्तव्य समझकर उचित समय और योग्य व्यक्ति को दिया जाता है, उसे सात्विक दान कहते हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अक्षय पात्र के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से मिड-डे मील उपलब्ध करा रही है है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण भोजन के लिए अक्षय पात्र को धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने छह जिलों में रसोई के लिए धन अवमुक्त किया है। उन्होंने भव्य और दिव्य कुम्भ का जिक्र करते हुए कहा कि यह कार्य प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत ही हमने भी स्वच्छ कुम्भ का संदेश दिया। उन्होंने कुम्भ में अक्षय पात्र के सहयोग की भी सराहना की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *