ट्रम्प-किम जोंग शिखर वार्ता से पूर्व संयुक्त राष्ट्र ने दी चेतावनी

0

वाशिंगटन, 09 फरवरी (हि.स.)| संयुक्त राष्ट्र संघ ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उत्तरी कोरियाई शासक किम जोंग उन के बीच 27 और 28 फरवरी को वियतनाम में होने वाली शिखर बैठक से पूर्व चेतावनी दी है कि उत्तरी कोरिया आणविक हथियार कार्यक्रम बेरोकटोक जारी रखे हुए है। उसने आर्थिक प्रतिबंधों की अवहेलना शुरू कर दी है। संयुक्त राष्ट्र संघ की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि समुद्री मार्ग से प्रतिबंधित साज-सामान का आवागमन जारी है। संयुक्त राष्ट्र ने उत्तरी कोरिया पर दबाव बनाए रखने के लिए आर्थिक प्रतिबंध लगाए थे। सिंगापुर में पहली शिखर वार्ता के दौरान जो कुछेक महत्वपूर्ण फैसले किए गए थे, उन से कुछ आशाएं जगी थीं, लेकिन हुआ कुछ नहीं। रिपोर्ट में इस बात पर अफसोस जाहिर किया गया है कि नि:शस्त्रीकरण पर लिए गए महत्वपूर्ण फैसले के बावजूद इस दिशा में अभी तक क्या कदम उठाए गए हैं, इस पर अभी तक विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है। उधर वियतनाम में होने वाली दूसरी शिखर वार्ता की सफलता के लिए अमेरिकी प्रतिनिधि स्टीफन बिगेन ने प्योंगयोंग में उत्तरी कोरियाई किम हयोक चोल सहित अधिकारियों से वार्ता प्रारंभ कर दी है। बिगेन ने जोर दिया है कि ट्रम्प और किम जोंग उन के बीच शिखर वार्ता के एजेंडा में नि:शस्त्रीकरण पर विस्तृत चर्चा की जाए। हाल में बिगेन ने कहा था कि उत्तरी कोरिया ने नि:शस्त्रीकरण पर काम शुरू कर दिया है। इस दिशा में विशेषज्ञों ने मत जाहिर किया है कि ट्रम्प भले ही कहें कि अमेरिका को उत्तरी कोरिया से कोई आणविक हमले का खतरा नहीं है। लेकिन उत्तरी कोरिया ने यह कभी नहीं कहा है कि वह अमेरिका से इसी तरह की छूट मिले बिना आणविक हथियार कार्यक्रम बंद कर देगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *