अन्ना हजारे का अनशन 6 ठे दिन भी जारी

0

मुंबई, 04 फरवरी (हि.स.)। लोकपाल विधेयक लागू किए जाने तथा किसानों के कृषि उत्पाद को उचित मूल्य दिए जाने की मांग को लेकर वरिष्ठ समाज सेवक अन्ना हजारे का अनशन सोमवार को 6 ठे दिन भी जारी है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे सोमवार को अन्ना हजारे से मिलने के लिए मुंबई से अहमदनगर जाने के लिए निकल चुके हैं। अन्ना हजारे के आंदोलन को भाजपा को छोड़कर सभी राजनीतिक दलों ने समर्थन व्यक्त किया है।
अन्ना हजारे ने उन्हें सरकार की ओर से दिए गए पद्मविभूषण पुरस्कार वापस करने की भी चेतावनी दी है। अन्ना ने कहा कि समाज की सेवा के नाम पर ही उन्हें यह पुरस्कार दिया गया है। अगर सरकार को समाज के हित के लिए लोकपाल विधेयक लागू नहीं करना है और किसानों को उनके कृषि उत्पाद को उचित कीमत नहीं देनी है तो यह पुरस्कार उनके लिए निरर्थक है। अन्ना ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि वह 8 या 9 फरवरी को पद्मविभूषण पुरस्कार सरकार को वापस कर देंगे।
रविवार को जल संपदा मंत्री गिरीष महाजन अहमदनगर जिले में जाकर अन्ना हजारे से मिले थे| उन्होंने अन्ना से चर्चा कर उनकी सभी मांगों को मानने का आश्वासन दिया था। गिरीष महाजन ने कहा था कि वह अन्ना की मांगों के बारे में मुख्यमंत्री से मिलेंगे और उनकी मांगों पर मुख्यमंत्री से चर्चा कर सभी मांगों को पूरा किए जाने का प्रयास करेंगे। इसके बाद वह फिर से अन्ना से मिलने आने वाले हैं। लेकिन अन्ना हजारे ने कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं हो जाती, वह आंदोलन जारी रखेंगे।
शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने भी अन्ना के अनशन को लेकर चिंता व्यक्त की है। शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि सरकार को अन्ना की मांगों को जल्द से जल्द पूरा कर देना चाहिए| अन्ना की मौत का इंतजार सरकार को नहीं करना चाहिए।
कांग्रेस नेता व विधानसभा के विपक्षी नेता राधाकृष्ण विखे पाटील रविवार को अन्ना हजारे से मिले थे| उन्होंने अन्ना के आंदोलन को समर्थन दिया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने भी अन्ना के आंदोलन को समर्थन दिया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *