अवध असम एक्सप्रेस से विस्फोटक बरामद

0

गुवाहाटी, 04 फरवरी (हि.स.)। गुवाहाटी रेलवे स्टेशन व मोरीगांव जिले के जागीरोड रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने अलग-अलग अभियान चलाकर सोमवार सुबह अप अवध असम एक्सप्रेस से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है। हालांकि इस संबंध में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
गुवाहाटी जीआरपी सूत्रों ने बताया है कि जैसे ही अप अवध असम एक्सप्रेस गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर सुबह लगभग 5.45 बजे प्लेटफार्म नंबर तीन पर पहुंची तो नियमित तलाशी अभियान आरंभ किया गया।
जीआरपी सूत्रों ने बताया है कि प्लेटफार्म नंबर तीन पर तीन बैग को लावारिश अवस्था में देख उसकी जांच की गई तो तीन बैग में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया। बरामद विस्फोटकों में 22 पैकेट में जिलेटिन की 440 छड़ें, सात पैकेट में डिटोनेटर के 700 पीस, तीन बंडल फ्यूज वायर शामिल हैं।
इस बीच ट्रेन जब गुवाहाटी रेलवे स्टेशन से मोरीगांव जिले के जागीरोड रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो पुनः एक बार जीआरपी ने तलाशी अभियान चलाकर ट्रेन के एसी-दो टीयर के टॉयलेट के पास से एक बैग बरामद किया। जांच के दौरान बैग से आठ पैकेट कुल 160 पीस जिलेटिन की छड़ें, पांच पैकेटों में 500 डिटोनेटर के पीस और फ्यूज वायर बरामद किया गया। सभी बरामद विस्फोटकों को जीआरपी ने जब्त कर इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ज्ञात हो कि अवध असम ऊपरी असम की ओर जा रही थी। विस्फोटक किसके थे, कौन लेकर आया था और इसे कहां पहुंचाना था, यह अब भी रहस्य बना हुआ है। माना जा रहा है कि विस्फोटकों को ऊपरी असम में पहुंचाने की योजना थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *