सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले में होंगे भारतीय संस्कृति के साक्षात् दर्शन : रामबिलास

0

फरीदाबाद, 31 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा के पर्यटन एवं शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि 33वां सूरजकुंड हस्तशिल्प मेला एक से 17 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा, जिसमे भारतीय संस्कृति के साक्षात दर्शन होंगे। मेले का उद्घाटन एक फरवरी को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल व महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस संयुक्त रूप से करेंगे। इस बार मेले में 31 देश भाग ले रहे हैं। मेले में महाराष्ट्र थीम तथा थाईलैंड देश पार्टनर है।
पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा ने बुधवार रात्रि सूरजकुंड स्थित राजहंस होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। मेले में सुरक्षा के उचित प्रबंध किए गए हैं। पर्यटकों की सुविधा के लिए सूचना केंद्र स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में 08 एकड़ जमीन और बढ़ाई गई है। इस मेले में छात्रों, दिव्यांगों, स्वतंत्रता सेनानियों, आपातकाल के दौरान जेल में रहने वालों, वरिष्ठ नागरिकों को टिकटों में 50 प्रतिशत छूट मिलेगी।
अबकी बार मेले का थीम महाराष्ट्र प्रदेश है इसलिए छत्रपति शिवाजी द्वारा बनवाए गए ऐतिहासिक रामगढ़ किला का प्रारूप बनाया गया है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि विश्व का यह सबसे बड़ा हैंडीक्राफ्ट मेला है। मेले में पिछले वर्ष 26 देशों ने भाग लिया था तथा 13 लाख लोग मेला परिसर में आये थे। मेले में ट्रैफिक व्यवस्था बनाने के लिए फरीदाबाद पुलिस आयुक्त संजय कुमार व गुड़गांव पुलिस आयुक्त के के राव पुलिस के साथ संयुक्त रूप से व्यवस्था बनाएंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग दिल्ली-मथुरा व दिल्ली-जयपुर से भी मेले की सीधी कनेक्टिविटी यातायात व्यवस्था के लिए की जाएगी। इसके अलावा मेट्रो, रेल तथा हवाई अड्डे से भी मेले के लिए ट्रैफिक की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मेले की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 180031 3337474 की व्यवस्था की गई है, जिस पर कोई भी व्यक्ति जानकारी ले सकता है और अपना सुझाव भी दे सकता है।
उन्होंने कहा कि पानीपत के काला आंब स्थान पर पानीपत की तीसरी लड़ाई हुई थी जहां पर मराठों ने बड़े स्तर पर देश की रक्षा के लिए कुर्बानी दी थी, इसलिए हरियाणा सरकार महाराष्ट्र सरकार की मदद से इस जगह को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है।
पर्यटन विभाग के निदेशक विजय वर्धन ने बताया कि मेले में महाराष्ट्र के रामगढ़ किले की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके अलावा महाराष्ट्र सरकार के सहयोग से रामगढ़ किले की तर्ज पर हरियाणा के महेंद्रगढ़ में माधोगढ़ व महेंद्रगढ़ जिला में बने दोनों ऐतिहासिक किलों का भी रेनोवेशन किया जाएगा तथा आगामी 24 फरवरी को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल इसकी आधारशिला रखेंगे।
उन्होंने बताया कि मेले में 1068 स्टाल लगाई जाएंगी। प्रेस वार्ता में हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं पर्यटन विभाग के निदेशक विजय वर्धन, पर्यटन विभाग के एमडी विकास यादव, भाजपा के जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा, नरेंद्र गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त जितेंद्र कुमार उपस्थित रहे ।
 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *