छत्रपति हत्याकांड : सीबीआई कोर्ट आज सुनाएगी राम रहीम समेत दोषियों को सजा

0

पंचकूला, 17 जनवरी (हि.स.)। पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या मामले में सिरसा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह उर्फ राम रहीम समेत सभी चार दोषियों को सीबीआई की विशेष कोर्ट गुरुवार को सजा सुनाएगी। 11 जनवरी को कोर्ट ने गुरमीत राम रहीम, निर्मल, कुलदीप और किशन लाल का दोषी करार दिया था। राम रहीम इस वक्त दो साध्वियों से दुष्कर्म के मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा है।
गुरमीत राम रहीम को हो सकती है उम्रकैद की सजा
कोर्ट ने गुरमीत राम रहीम और किशन लाल को आईपीसी की धारा 120बी, 302 का दोषी ठहराया। कुलदीप और निर्मल को 120बी, 302 और आर्म्स एक्ट का दोषी ठहराया है। धारा 302 में कम से कम उम्रकैद और ज्यादा से ज्यादा फांसी की सजा हो सकती है। फैसले के बाद पत्रकार छत्रपति के बेटे अंशुल ने राम रहीम को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की थी।
तीन जिलों में सुरक्षा कड़ी
फैसले के मद्देनजर पंचकूला, रोहतक और सिरसा में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रोहतक में सुनारिया जेल, पंचकूला में सीबीआई कोर्ट और सिरसा में डेरे की सुरक्षा कड़ी कर दी है। रोहतक में इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) की टीम पेट्रोलिंग करेगी। जेल के चारों ओर 10 नाके लगाए हैं। ड्रोन की मदद से भी नजर रखी जाएगी। सिरसा में सीआरपीएफ की दो कंपनियां तैनात की गई हैं। 38 पुलिस नाके लगाए हैं। पंचकूला में रिजर्व आर्म्ड फोर्स तैनात की है। हाई अलर्ट जारी कर धारा 144 लागू की गई है। जिले में 14 नाके लगाए गए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *