गुरुवार से 4 दिनों तक भाजपा के आला नेता व मंत्री होंगे मीडिया से रूबरू, गिनाएंगे केन्द्र की उपलब्धियां

0

नई दिल्ली, 15 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) गुरुवार 16 जनवरी से अगले चार दिनों तक देश के लगभग 50 से अधिक प्रमुख स्थानों पर पत्रकार वार्ता कर सरकार की उपलब्धियों का बखान करेगी। केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व उप-मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, राज्य सरकारों के वरिष्ठ मंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी-गण देशभर में अलग-अलग जगहों पर इन पत्रकार वार्ताओं को संबोधित करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी व राज्यसभा सांसबलूनी ने उक्त जानकारी देते हुए कहा कि पत्रकार वार्ता के माध्यम से अभी हाल ही में दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दिए गए संदेशों को भी देश की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही, अभी संपन्न हुए संसद के शीतकालीन सत्र में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी द्वारा पेश किए गए विधेयकों के बारे में भी समग्र राष्ट्र की जनता को अवगत कराया जाएगा।

बलूनी की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस पत्रकार वार्ता के जरिए कांग्रेस की झूठ की राजनीति का पोल खोलने के साथ-साथ केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याण की योजनाओं को भी जनता तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा लखनऊ, भाजपा महासचिव राम माधव जम्मू, राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव पटना, राष्ट्रीय महासचिव अनिल जैन आगरा और राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह बनारस में प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे।केंद्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, प्रकाश जावड़ेकर, धर्मेंद्र प्रधान, थावरचंद गहलोत, डॉ जितेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह तोमर, स्मृति इरानी, वीके सिंह, गजेंद्र सिंह शेखावत, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, पूनम महाजन सहित कई अन्य केंद्रीय मंत्री भी देशभर में पत्रकार वार्ता करेंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित भाजपा शासित राज्यों के अन्य मुख्यमंत्री एवं उप-मुख्यमंत्री भी भिन्न-भिन्न जगहों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *