अब लोकसभा में चुनावी कैलेंडर से जीत की तैयारी कर रही भाजपा

0

भोपाल,14 जनवरी(हि.स.)। अपने मैनेजमेंट में महारथी होने के बाद भी विधानसभा चुनाव में हारी भाजपा एक बार फिर मैनेजमेंट के माध्यम से ही लोकसभा चुनाव जीतने की तैयारियों में लगी है।
दरअसल केंद्रीय नेतृत्व ने लोकसभा चुनाव के लिए तीन महीने का कैलेंडर तैयार कर प्रदेश संगठन को भेज दिया है, ताकि मतदाताओं को रिझाने का काम शुरू किया जा सके।विधान सभा चुनाव से पहले भी केंद्रीय नेतृत्व ने ऐसा ही कैलेंडर तैयार कर प्रदेश संगठन को भेजा था, ताकि अपने कार्यक्रमों के आयोजन से वे विस चुनाव के लिए वोट जुटा सकें। लेकिन तब पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इसमें कोई रुचि नहीं दिखाई थी। जिससे यह कार्यक्रम फ्लॉप हो गया और सत्ता इनके हाथ से चली गई।
तब फ्लॉप हुए ये कार्यक्रम
प्रदेश संगठन ने हर बूथ पर पन्ना प्रभारियों की नियुक्ति की है। हर पन्ना प्रभारी के पास एक पन्ना होता है, जिसमें 15-20 परिवारों के नाम, नंबर होते हैं। इन्हें समय-समय पर इनसे संपर्क करना होता है। वहीं मतदान के दिन इन्हें घर से बूथ तक ले जाने वापस लाने की जिम्मेदारी भी इन्हीं प्रभारियों के जिम्मे होती है। लेकिन इन प्रभारियों ने भी चुनाव के समय इस जिम्मेदारी में कोई रुचि नहीं दिखाई।
अब तैयार किए ये कार्यक्रम
इस बार लोकसभा चुनावों की तैयारी के तहत भाजपा ने मार्च तक के कार्यक्रम तैयार किए हैं। इन कार्यक्रमों में 15 जनवरी से 3 मार्च तक सैनिक सम्मान अभियान, 11 फरवरी को समर्पण दिवस, 12 फरवरी से 2 मार्च तक मेरा परिवार भाजपा परिवार अभियान, 26 फरवरी को बूथ स्तर पर कमल ज्योति संकल्प, 2 मार्च को विस स्तर पर कमल मोटर साइकिल रैली, 3 मार्च से चुनाव तक भाजपा परिवार टोली आदि का आयोजन किया जाना है। 21 तथा 22 फरवरी को प्रयागराज में किसान महाकुंभ राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा। 1 से 20 जनवरी तक हर जिले में ओबीसी प्रबुद्ध बैठकें होंगी। वहीं 16 से 17 जनवरी तक दो दिवसीय ओबीसी मोर्चा का राष्ट्रीय अधिवेशन पटना में आयोजित किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *