बोधगया को अशांत करने में कोई सफल नहीं होगा: नीतीश कुमार

0

गया, 11 जनवरी (हि.स)। बोधगया के कालचक्र मैदान पर अंतरराष्ट्रीय बौद्ध महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बोधगया को कई बार अशांत करने का प्रयास किया गया लेकिन आतंकी इसमें सफल नहीं हो सके। सुरक्षा पहले से अधिक कड़ी की गई है।
शुक्रवार की शाम बोधगया के कालचक्र मैदान पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विधि व शिक्षा मंत्री कृष्ण प्रसाद वर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर अंतरराष्ट्रीय बौद्ध महोत्सव का उद्घाटन किया। मंच पर वरीय बौद्ध भिक्षु यू न्यानिंदा भी मौजूद थे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बोधगया में बम ब्लास्ट से जुड़ी हर एक चीज से बारीक निगरानी की गई। प्रवेश और निकास के अलग- अलग रास्ते बनाए गए हैं। चाहे सुरक्षा का मामला हो या सड़कों और रोपवे सभी दृष्टिकोण से इसे बेहतर बनाया गया है। महाबोधि कल्चरल सेंटर का कार्यारम्भ हो गया है। 22 मार्च 2020 को बिहार दिवस तक महाबोधि कल्चरल का निर्माण पूरा हो जाएगा। भगवान बुद्ध के उपदेश को लोगों तक पहुंचाना है। कई देशों ने बौद्ध धर्म को अपनाया है। दुनिया के अलग- अलग हिस्सों में सामाजिक टकराव की स्थिति है। इसके लिए स्वभाव और पर्यावरण पर ध्यान देने की जरूरत है। भगवान बुद्ध के विचार और वैज्ञानिक विचारों पर चर्चा करना है।
इस मौके पर श्रीलंका, म्यांमार, वियतनाम, कंबोडिया और इंडोनेशिया के कलाकारों को सीएम ने स्मृति चिन्ह भेंट किया। तीन दिवसीय बौद्ध महोत्सव में दस देशों के पर्यटक शामिल हो रहे हैं। कालचक्र मैदान पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने महाबोधि मंदिर जाकर सुरक्षा का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने महाबोधि मंदिर के भ्रमण के बाद बीटीएमसी के बाहर पूछताछ काउंटर का फीता काटकर शुभारंभ किया। वहीं बोधगया के कालचक्र मैदान में मंच से सीएम ने स्मारिका तथागत का विमोचन किया। साथ ही 365 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से जिले के विभिन्न प्रखंडों की 69 योजनाओं का उद्घाटन व 146 योजनाओं का रिमोट से शिलान्यास किया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *