मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों के कारण मैक्सवेल ने क्रिकेट से लिया ब्रेक

0

मैक्सवेल श्रीलंका के खिलाफ जारी टी-20 सीरीज का हिस्सा थे और शानदार फॉर्म में थे। पहले मुकाबले में उन्होंने 28 गेंदों पर 62 रन बनाए थे।



नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया के बेहतरीन ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों के कारण क्रिकेट से ब्रेक लिया है। गुरुवार को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इसकी जानकारी दी।
मैक्सवेल श्रीलंका के खिलाफ जारी टी-20 सीरीज का हिस्सा थे और शानदार फॉर्म में थे। पहले मुकाबले में उन्होंने 28 गेंदों पर 62 रन बनाए थे। अब मैक्सवेल की जगह डार्सी शॉर्ट को चुना गया है। वे शुक्रवार, एक नवंबर को श्रीलंका के खिलाफ अंतिम टी-20 के लिए टीम में उनकी जगह लेंगे।
ऑस्ट्रेलियाई टीम के मनोवैज्ञानिक डॉ माइकल लॉयड ने कहा, ”ग्लेन मैक्सवेल मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों का सामना कर रहे हैं, इसलिए वह खेल से थोड़े समय दूर रहेंगे। मैक्सवेल ने इस मामले में पहल करते हुए इन समस्याओं को पहचाना और सपोर्टिंग स्टाफ से बात की।’
 
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड के एग्जीक्यूटिव जनरल मैनेजर बेन ऑलिवर ने कहा, ”हमारे खिलाड़ियों और स्टाफ की भलाई सर्वोपरि है। ग्लेन को हमारा पूरा समर्थन है।” उन्होंने कहा कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया विक्टोरिया क्रिकेट के सहयोगी स्टाफ के साथ मिलकर ग्लेन की भलाई और क्रिकेट में उनकी वापसी पर काम करेगा।
बेन ऑलिवर ने कहा, ‘हम हर किसी से ग्लेन, उनके परिवार और दोस्तों की निजता का सम्मान करने की अपील करते हैं। वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट परिवार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।हम गर्मियों तक उन्हें दोबारा टीम में खेलते देखने की उम्मीद करते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *