अनंत सिंह को बेउर जेल से दो दिन के रिमांड पर ले गई पुलिस

0

पुलिस ने बाढ़ कोर्ट में अनंत सिंह के लिए तीन दिन के रिमांड की मांग की थी लेकिन बहस के बाद कोर्ट ने अनंत सिंह को महज दो दिन के लिए रिमांड पर दिया ।



पटना, 30 अगस्त (हि.स.)। मोकामा के निर्दलीय विधायक अनंत सिंह को पुलिस ने  दो दिन के रिमांड पर बेउर जेल से शुक्रवार को ले लिया है। भारी सुरक्षा के बीच पुलिस उन्हें बाढ़ ले गई है। वहीं पर उनसे पूछताछ होगी।

गौरतलब है कि पुलिस ने बाढ़ कोर्ट में अनंत सिंह के लिए तीन दिन के रिमांड की मांग की थी लेकिन बहस के बाद कोर्ट ने अनंत सिंह को महज दो दिन के लिए रिमांड पर दिया । उन पर लदमा स्थित अपने पैतृक घऱ में एक एके-47, दो ग्रेनेड और 26 कारतूस रखने का आरोप है। इसके अलावा उनपर  भोला सिंह और मुकेश सिंह की हत्या  की साजिश करने का आरोप भी है। पुलिस ने उनके खिलाफ यूएपीए के तहत बाढ़ थाने में मामला दर्ज किया है। मामला दर्ज होने के बाद से  अनंत सिंह फरार हो गये थे। इस दौरान उन्होंने एक के बाद एक तीन वीडियो जारी करके पुलिस पर उनके खिलाफ साजिश  करके फंसाने का आरोप भी लगाया था। बौखलाई पुलिस उनकी तलाश में दिन रात एक किये हुए  थी। बाद में उन्होंने दिल्ली के साकेत कोर्ट में समपर्ण कर दिया था। वहां से उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर पटना लाया गया  और बाढ़ कोर्ट में पेश किया गया  जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में पटना के बेउर जेल में भेज दिया गया था। इसके बाद पुलिस उन्हें रिमांड पर लेने की तैयार कर रही थी। मंगलवार को अनंत सिंह के रिमांड के लिए पुलिस ने बाढ़ कोर्ट में अर्जी दी थी जिस पर बुधवार को सुनवाई के बाद गुरुवार तक के लिए फैसला  सुरक्षित रख लिया गया था। गुरुवार को बाढ़ कोर्ट ने अनंत सिंह को दो दिन के लिए पुलिस रिमांड पर देने का आदेश जारी कर दिया था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *