श्रीनगर : जामिया मस्जिद सहित कई बड़ी मस्जिदों में जुम्मे की नमाज अदा करने पर रोक

0

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वह  अपने मोहल्ले की मस्जिदों में नमाज अदा करें। जुम्मे की नमाज के मद्देनज़र कश्मीर घाटी के कई स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।



श्रीनगर, 30 अगस्त (हि.स.)। श्रीनगर में शुक्रवार को जुम्मे की नमाज़ के बाद हिंसक प्रदर्शनों की आशंका के चलते यहां की जामिया मस्जिद सहित कईं बड़ी मस्जिदों में नमाज अदा करने पर रोक लगाई गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वह  अपने मोहल्ले की मस्जिदों में नमाज अदा करें। जुम्मे की नमाज के मद्देनज़र कश्मीर घाटी के कई स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। घाटी के ज्यादातर हिस्सों में हिंसक प्रदर्शनों की आशंका के चलते बेरिकेटस और कंटीले तार लगा दिए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को घटने से रोका जा सके।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कश्मीर घाटी में स्थिति शांतिपूर्ण है। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना को टालने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए घाटी के कई संवेदनशील इलाकों में आंशिक प्रतिबंध लगाए गए हैं। इसी बीच जैसे जैसे दिन गुज़रता जाएगा और स्थिति शांतिपूर्ण रहेगी तो वैसे-वैसे प्रतिबंधों में ढील भी दी जाएगी। सवेंदनशील इलाकों को छोड़कर बाकी स्थानों पर स्थिति में सुधार हुआ है और वहां पर लोगों की हलचल देखी जा रही है।
घाटी में जिला मुख्यालयों और कुछ अन्य शहरों में आंशिक दुकानें तथा रेहड़ी फड़ी वालों को सामान बेचते तथा लोगों की रोजाना की गतिविधियों में व्यस्त पाया गया। इसी बीच सड़कों पर वाहनों की संख्या में भी धीरे-धीरे वृद्धि देखी जा रही है। इसी बीच प्रशासन ने स्थानीय मस्जिदों में ही जुम्मे की नमाज अदा के लिए कहा है। श्रीनगर की जामिया मस्जिद और अन्य बड़ी मस्जिदों में नमाज अदा करने की अनुमति नहीं दी गई है।
गुरुवार शाम को पाबंदियां हटने के बाद कश्मीर के कुछ इलाकों में पत्थरबाजी हुई। कश्मीर के नातीपोरा, नोवगाम, बेमिना में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच झड़प हुई थी। इसके बावजूद सुरक्षाबलों ने बिना किसी नुकसान के प्रदर्शनकारियों पर काबू पा लिया। इसी बीच गुरुवार रात श्रीनगर में आतंकवादियों ने एक दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
गुरुवार को जम्मू कश्मीर पुलिस ने फेसबुक पर संवेदनशील टिप्पणी पोस्ट करने पर राजौरी और पुंछ जिलों के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। राजौरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक युगल मनहास के अनुसार यह टिप्पणी राज्य में कानून और व्यवस्था की हालत बिगाड़ सकती है और इनमें से कुछ अपडेट राज्य की शांति और व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि फेसबुक पर ऐसी संवेदनशील टिप्पणी पोस्ट करने वाले यह पांच आरोपित राजौरी और पुंछ जिले के मूल निवासी हैं और ये सब जम्मू कश्मीर के बाहर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पांचों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *