अनंत सिंह दो दिन की पुलिस रिमांड पर

0

दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद कोर्ट के एसीजेएम कुमार माधवेंद्र ने फैसले को सुरक्षित रख लिया था। बाढ़ की एएसपी लिपि सिंह ने तीन दिन के लिए अनंत सिंह को रिमांड पर लेने के लिए अर्जी दी थी।



पटना, 29 अगस्त (हि.स.)। मोकामा के विधायक अनंत सिंह को गुरुवार को बाढ़ कोर्ट ने 2 दिन के लिए पुलिस रिमांड पर देने का फैसला किया है। अनंत सिंह को रिमांड पर लेने के लिए मंगलवार को पटना पुलिस ने अर्जी दी थी जिस पर बुधवार को सुनवाई हुई थी। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद कोर्ट के एसीजेएम कुमार माधवेंद्र ने फैसले को सुरक्षित रख लिया था। बाढ़ की एएसपी लिपि सिंह ने तीन दिन के लिए अनंत सिंह को रिमांड पर लेने के लिए अर्जी दी थी।

अनंत सिंह पर पंडारक के मुकेश सिंह और भोला सिंह की हत्या करने साजिश करने का आरोप है। इसके अलावा बाढ़ पुलिस ने बाढ़ की एएसपी लिपि सिंह, और ग्रामीण एसपी कांतेश मिश्र के नेतृत्व में उनके गांव लदमा स्थित घर पर छापेमारी करके एक- 47 राइफल , 2 ग्रेनड और 26 कारतूस बरामद की थी। इसके बाद  उनके खिलाफ यूएपीए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस कानून को हाल में राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के लिए बनाया  गया है। विधायक अनंत सिंह बिहार में पहले शख्स हैं जिनके खिलाफ इस कानून का इस्तेमाल किया गया है।

गौरतलब है कि यूएपीए के तहत मामला दर्ज करने के बाद से अनंत सिंह फरार हो गये थे और पुलिस उन्हें लगातार तलाश रही थी। उनको गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की दस टुकड़ियां सक्रिय थीं  लेकिन वह न सिर्फ पुलिस को चकमा देते रहे बल्कि एक के बाद एक लगातार तीन वीडियो जारी करके  पुलिस पर अपने खिलाफ साजिश करने का इल्जाम लगाते रहे और न्यायालय में सरेंडर करने की बात कहते रहे। पूरी  ताकत झोंकने के बाद भी वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े और दिल्ली के साकेत कोर्ट में जाकर उन्होंने सरेंडर कर दिया। बाद में पटना पुलिस उन्हें ट्रांजिट रिमांड  पर लेकर पटना आयी और फिर बाढ़ कोर्ट में पेश किया  जहां से उन्हें बेउर जेल भेज दिया गया था। अनंत सिंह इस वक्त बेउर जेल में बंद हैं । अब पुलिस कोर्ट के आदेश के मुताबिक उन्हें दो दिन के लिए रिमांड पर लेगी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *