विधायक अनंत सिंह प्रकरण की सीबीआई जांच हो : नीलम देवी

0

विधायक की पत्नी नीलम देवी ने पत्रकारों के माध्यम से रखा अपना पक्ष नीलम ने कहा कि एक साजिश के तहत अनंत सिंह को फंसाया जा रहा है। जदयू के सांसद ललन सिंह के खिलाफ मुंगेर से चुनाव लड़ने की कीमत हम चुका रहे हैं। उन्होंने इस साजिश में पुलिस पर भी शामिल होने का आरोप लगाते हुये पूरे प्रकरण की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है।



पटना, 27 अगस्त (हि.स.)। घर में एके-47 राइफल बरामद होने के मामले में फंसे विधायक अनंत सिंह की पत्नी नीलम सिंह ने बचाव में मोर्चा संभाल लिया है। नीलम ने कहा कि एक साजिश के तहत अनंत सिंह को फंसाया जा रहा है। जदयू के सांसद ललन सिंह के खिलाफ मुंगेर से चुनाव लड़ने की कीमत हम चुका रहे हैं। उन्होंने इस साजिश में पुलिस पर भी शामिल होने का आरोप लगाते हुये पूरे प्रकरण की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है।
मंगलवार को अनंत सिंह के सरकारी आवास पर संवाददाताओं से वार्ता के दौरान नीलम देवी ने कहा कि जिस एके-47 राइफल को लदमा के घर से पुलिस ने बरामदगी दिखायी है, उसे विवेका पहलवान ने रखवाया था।उनके घर का एक हिस्सा अनंत सिंह का है और दूसरा हिस्सा विवेका पहलवान का है। उन्होंने कहा कि 14 साल से जब अनंत सिंह अपने घर में गये ही नहीं है तो फिर वहां हथियार रखने का सवाल कैसे पैदा होता है।उन्होंने कहा कि अनंत सिंह के खिलाफ जदयू के सांसद ललन सिंह, बिहार सरकार के मंत्री नीरज कुमार, भोला सिंह, एएसपी लिपि सिंह और विवेका पहलवान मिलकर साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार से उन्हें इंसाफ की उम्मीद नहीं है। उनकी हत्या भी की जा सकती है। वह अनंत सिंह के मामले में निष्पक्ष जांच के लिए राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृहमंत्री तक से मुलाकात कर गुहार करेंगी।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से बाढ़ की एएसपी लिपि सिंह उनके खिलाफ मनमानेे तरीके से अपमानजनक कार्रवाई कर रही हैंं, उनके खिलाफ महिला आयोग और मानवाधिकार आयोग में वह शिकायत कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि अनंत सिंह कभी फरार नहीं हुये। वह अपने एक बीमार दोस्त को देखने गये थे। लिपि सिंह जिस रात को अनंत सिंह की तलाश में घर पर आयी थीं, उन्हें तीन घंटे तक खड़ा रखा गया, जबकि वह शुगर की मरीज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एएसपी ने घर का सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया और रसाइये ल गाय के सेवादारों की जमकर पिटाई भी की। उन्होंने कहा कि लिपि सिंह लोकसभा चुनाव में जदूय कार्यकर्ता की हैसियत से काम कर रही थी। चुनाव आयोग में शिकायत के बाद उन्हें हटाया गया था। अब दोबारा उनकी पोस्टिंग हो गई है तो बदले की भावना से काम कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि लदमा में अनंत सिंह के घर और विवेका पहलान के घर के बीच पांच फुट ऊंची दीवार है। इसी दीवार को फांदकर एके-47 राइफल रखा गया है और यह वही एके-47 राइफल है जिससे विवेका पहलवान ने अनंत सिंह पर हमला किया था। इस राइफल को विवेका पहलवान के कहने पर जसवीर, करमवीर और भोला ने उनके घर में रखा है। पुलिस को इसकी सूचना पहले से ही थी। नीलम देवी ने कहा कि उन्हें न्यायालय पर यकीन है।
इस दौरान मुंगेर संसदीय क्षेत्र विकास मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष रामानुज प्रसाद सिंह ने कहा कि दिल्ली की साकेत कोर्ट में सांसद स्टीकर वाली गाड़ी इस्तेमाल करने की वजह से लिपि सिंह के खिलाफ दिल्ली कोर्ट के साथ-साथ बाढ़ कोर्ट में भी मामला दर्ज कराया जाएगा। इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि वह गाड़ी किसकी है और उस पर सांसद का स्टीकर कैसे लगा था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *