एयर इंडिया ने सुरक्षा अलर्ट के बाद श्रीनगर से सभी उड़ानों का अधिकतम किराया तय किया

0

एयर इंडिया ने इस अवधि में श्रीनगर से दिल्ली का किराया घटाकर अब 6715 रुपये और दिल्ली से श्रीनगर के लिए 6899 रुपये कर दिया है।



नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। सरकारी विमानन कंपनी एयर इंडिया ने जम्मू-कश्मीर में जारी सुरक्षा अलर्ट के मद्देनजर 15 अगस्त तक श्रीनगर से अपनी सभी उड़ानों का अधिकतम किराया 9500 रुपये तय किया है। साथ ही श्रीनगर से दिल्ली का  किराया घटा दिया है।
एयर इंडिया का यह निर्णय मौजूदा हालात को देखते हुए आया है। जम्मू-कश्मीर में जारी सुरक्षा अलर्ट में हजारों अमरनाथ तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को तुरंत घाटी छोड़ने के लिए कहा गया है। टिकट नहीं मिलने और कीमत दस हजार रुपये से अधिक होने के कारण बड़ी संख्या में लोग वहां फंसे हुए हैं।
एयर इंडिया ने रविवार को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के माध्यम से बताया कि जम्मू-कश्मीर की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए 15 अगस्त तक श्रीनगर  से सभी एयर इंडिया की उड़ानों के लिए किराया 9500 रुपये  तय किया है।  एयर इंडिया ने इस अवधि में श्रीनगर से दिल्ली का किराया घटाकर अब 6715 रुपये और दिल्ली से श्रीनगर के लिए 6899 रुपये कर दिया है।
यात्रा वेबसाइटों ने शनिवार को 4 अगस्त के लिए श्रीनगर-दिल्ली रूट पर टिकट की कीमत 11 से 20 हजार रुपये के बीच दिखाई थी। वहीं श्रीनगर-मुम्बई के लिए टिकट दर 14 हजार रुपये से शुरू थी।
उल्लेखनीय है कि नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार शाम विमानन सेवा कंपनियों को हालात के मद्देनजर श्रीनगर से उड़ान भरने वाले विमानों के यात्री किराये में वृद्धि को नियंत्रित रखने का निर्देश दिया था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *