अमरनाथ यात्रा के बाद अब मचैल माता यात्रा भी स्थगित

0

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को श्री अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले के इनपुट मिलने के बाद अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई थी।



किश्तवाड़, 03 अगस्त (हि.स.)। जम्मू संभाग के किश्तवाड़ जिले में जारी मचैल माता यात्रा को निलंबित कर दिया गया है। मचैल  माता यात्रा अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले की संभावना के चलते स्थगित होने के बाद निलंबित की गई है।
 मचैल माता यात्रा को तत्काल प्रभाव से रोकने की जानकारी किश्तवाड़ जिला आयुक्त अंग्रेज सिह राणा ने दी है। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले के खतरे को देखते हुए अमरनाथ यात्रा के बाद अब मचैल यात्रा को भी रोक दिया गया है।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। यात्रियों से कहा गया है कि वह अपनी यात्रा को शुरू न करें और जो यात्री यात्रा के मार्ग में हैं, वह वहीं से अपने घरों को लौट जाएं। ऐसी मान्यता है कि किश्तवाड़ के पाडर स्थित मां दुर्गा के भव्य मंदिर में स्थापित मचैल माता के दर्शन कर लोग अपने आप को धन्य समझते हैं और बिना मांगे मुरादे पाते हैं। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह यात्रा 25 जुलाई को शुरू होकर 5 अगस्त को समाप्त होनी थी।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को श्री अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले के इनपुट मिलने के बाद अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई थी। इस दौरान गृह सचिव शालीन काबरा ने निर्देश जारी किए थे कि कश्मीर घाटी में अमरनाथ यात्रा पर आए यात्री और पर्यटक जल्द से जल्द घाटी को छोड़ अपने घरों को लौट जाए। इस दौरान घाटी में सुरक्षाबलों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
 शुक्रवार को सुरक्षाबलों के अधिकारियों ने एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी दी थी कि श्री अमरनाथ यात्रा मार्ग से भारी मात्रा में हथियार, आइईडी और अमेरिका में बनी स्नाइपर राइफल बरामद की गई है। बारूदी सुरंग का भी पता लगाया गया है। उन्होंने कहा कि इन सब हथियारों व गोला-बास्द का मिलना दर्शाता है कि पाकिस्तान समर्थित आतंकी यात्रा पर किसी बड़े हमले की फिराक में हैं। सुरक्षाबलों द्वारा किए गए इस खुलासे के बाद राज्य सरकार ने अमरनाथ यात्रा को स्थगित करने के निर्देश जारी किए थे। अमरनाथ यात्रा स्थगित होने के बाद अब किश्तवाड प्रशासन ने किश्तवाड़ में जारी मचैल माता यात्रा को भी सुरक्षा कारणों से स्थगित कर दिया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *