जौहर विश्वविद्यालय की सरजमीं पर सपा का शक्ति प्रदर्शन विफल

0

रामपुर जिले की सीमाएं सील करके पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान- अमरोहा में सपा विधायक हाजी महबूब अली को ​घर में ही नजरबंद किया गया



रामपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। जौहर विश्वविद्यालय की सरजमीं पर चल रही पुलिस और आजम खान की जंग में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम उत्तर प्रदेश के पार्टी नेताओं को रामपुर पहुंचकर आजम के पक्ष में शक्ति प्रदर्शन करने का निर्देश दिया था। गुरुवार को सुबह से ही सपा के नेताओं ने रामपुर की ओर कूच करने की तैयारी की लेकिन उत्तर प्रदेश पुलिस ने जगह-जगह सपा का शक्ति प्रदर्शन विफल कर दिया।
सपा के शक्ति प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर उत्तर प्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक ओपी​ सिंह ने पुलिस अधिकारियों को सावधान रहने को कहा था। आज सुबह से ही रामपुर जिले की सीमाएं सील करके आने-जाने वाले रास्तों पर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। सुबह 11 बजे के करीब रामपुर के लिए रवाना हो रही मुरादाबाद के असमोली से विधायक पिंकी यादव को रोकते हुए पुलिस ने बल का प्रयोग किया। इस दौरान पिंकी यादव को चोट आई और उनके वाहन पर पुलिस के डंडे के खरोंच का निशान बन गया।
मुरादाबाद में विधायक पिंकी की तरह ही सांसद डॉ. एसटी हसन को रामपुर जाते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रामपुर जाने के लिए कार्यकर्ताओं संग संघर्ष करते दिखे सपा विधायकों में मुरादाबाद देहात के विधायक हाजी इकराम कुरैशी, कुंदरकी विधायक हाजी रिजवान, सम्भल के विधायक इकबाल महमूद को भी उनके जिलों में गिरफ्तार किया गया। इसी तरह से अमरोहा जिले में सपा विधायक हाजी महबूब अली को ​पुलिस ने उनके घर में ही नजरबंद कर दिया गया।
मुरादाबाद में ही पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव को मूंडा पांडेय टोल प्लाजा पर पुलिस ने गिरफ्तार किया। धर्मेन्द्र यादव ने गिरफ्तारी के बाद कहा कि पुलिस के तानाशाही रवैये से सपा कार्यकर्ता डरने वाले नहीं है। पुलिस बर्बरतापूर्ण रवैया अपना रही है। हम समाजवादी कार्यकर्ता संघर्ष करते रहे हैं और संघर्ष करते रहेंगे। जौहर विश्वविद्यालय या रामपुर जिले तक ना पहुंच पाने वाले सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए इसी बीच प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम का एक बयान भी आ गया। नरेश उत्तम ने कहा कि आज गिरफ्तारी देने वाले नेता व कार्यकर्ताओं ने बड़ा संघर्ष किया है। सपा सांसद आजम खान के साथ हो रहे सरकारी उत्पीड़न के खिलाफ बरेली, पीलीभीत, सम्भल, बदायूं, अमरोहा, मुरादाबाद और बिजनौर के सभी सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपनी पूरी ताकत दिखाई है। अगर पुलिस का उत्पीड़न जारी रहता है तो सपा लखनऊ में बड़ा आंदोलन करेगी।
इसी दौरान रामपुर में सपा विधायक अब्दुल्ला आजम खान अपने आवास के बाहर जुटे कार्यकर्ताओं के साथ जौहर विश्वविद्यालय जाने पर अमादा हो गए। उनको रोकने के लिए अपर जिलाधिकारी जगदम्बा प्रसाद और अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने उनसे बातचीत की और पुलिस जीप में बैठने को कहा। पुलिस की जीप में बैठने के लिए अब्दुल्ला तैयार नहीं हुए और अपने समर्थकों को साथ आगे बढ़ने लगे। इस पर पुलिस के जवानों ने उन्हें और उनके समर्थकों को हिरासत में लेते हुए पुलिस लाइन भेज दिया।
रामपुर के जिलाधिकारी एके सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा और बकरीद त्योहार के कारण रामपुर जनपद में धारा 144 लागू है। इसके लिए जिले में अलग से पुलिस बल लगाया गया है। जौहर विश्वविद्यालय विवाद को लेकर पुलिस कार्रवाई कर रही है। इस दौरान कोई भी धारा 144 का उल्लंघन करता है तो उस पर कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *