कोलकाता मेट्रो में बड़ा हादसा, दरवाजे में फंसकर बाहर झूलते रहे वृद्ध यात्री की मौत
कोलकाता, 13 जुलाई (हि. स.)। कोलकाता में यातायात की लाइफ लाइन मानी जाने वाली मेट्रो में शनिवार को भयावह दुर्घटना घटी है। पार्क स्ट्रीट मेट्रो स्टेशन पर एक वृद्ध यात्री का हाथ दरवाजे में फंस गया जबकि पूरा शरीर बाहर ही लटका हुआ था। लोग चिल्लाते रहे लेकिन मेट्रो चल पड़ी और मेट्रो की तेज रफ्तार के साथ घसीटते-टकराते हुए उस यात्री की जान निकल गई। कुछ देर बाद स्टेशन पार कर मेट्रो लाइन पर वह गिर पड़े, वह भी चलती मेट्रो के बीच। कोलकाता मेट्रो के इतिहास में यह अब तक का सबसे भयानक दुर्घटना है।
मृतक की पहचान सजल कांजीलाल (66) के तौर पर हुई है। वह कसबा थाना इलाके के बोसपुकुर रोड के रहने वाले थे। हादसे के बाद करीब 45 मिनट तक मेट्रो सेवा बाधित रही। काफी मशक्कत के बाद सजल को मेट्रो के नीचे से निकालकर एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद कवि सुभाष की ओर जाने वाली ट्रेन बंद कर दी गई। यात्रियों में काफी गुस्से की लहर थी। लोग नारेबाजी करने लगे थे। शाम 6:45 बजे के करीब घटी इस घटना के बाद 45 मिनट तक मेट्रो बंद रही। इसके कारण लोगों ने जमकर हंगामा किया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि कवि सुभाष की ओर जाने के लिए मेट्रो पार्क स्ट्रीट स्टेशन पर रुकी। उसमें भारी भीड़ थी। उसी भीड़ के बीच उक्त वृद्ध व्यक्ति मेट्रो में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। सामने की ओर से तीसरे कमरे में जब वह चढ़ने की कोशिश कर रहे थे तब वह चढ़ नहीं पाए लेकिन उनका हाथ दरवाजे पर था। उसी समय अचानक दरवाजा बंद हो गया। वह चिल्लाने लगे। लोग भी आवाज लगा रहे थे लेकिन मेट्रो चला रहे मोटरमैन ने ध्यान नहीं दिया और तेज रफ्तार में गाड़ी आगे बढ़ने लगी। इधर मेट्रो के खुलते ही कांजीलाल प्लेटफार्म पर गिरते पड़ते टकराते हुए वह घसीटते चले गए। जब ट्रेन ने स्टेशन पार किया तब मेट्रो मैन को इस हादसे की भनक लगी। उन्होंने तुरंत ट्रेन को रोक दी लेकिन तब तक वह रेलवे पटरी पर गिर चुके थे और मेट्रो उनके ऊपर से गुजर रही थी। जैसे-तैसे उन्हें सुरक्षित निकाला गया और एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है। इधर उक्त मेट्रो से सभी लोगों को निकालने का काम शुरू कर दिया गया था। नाराज लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इधर डीसी साउथ आईपीएस मिराज खालिद के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। मेयर फिरहाद हकीम मौके पर पहुंचे एवं अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर बुलाई गई। रेल और राज्य प्रशासन के बीच दोषारोपण का सिलसिला शुरू हो गया।
मेट्रो रेलवे की मुख्य जनसंपर्क अधिकारी इंद्रानी बनर्जी ने बताया है कि मेट्रो रेलवे के महाप्रबंधक पीसी शर्मा ने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच का निर्देश दिया है। पुलिस ने इस मामले में अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज किया है। संभावित लापरवाही की जांच की जा रही है।
