प्रचंड गर्मी और लू की चपेट में दिल्ली-एनसीआर , पारा और चढ़ेगा

0

राजधानी दिल्ली और एनसीआर समेत उत्तर भारत में लगातार इन दिनों तापमान में हो रही वृद्धि से गर्मी ने लोगों को बेहाल कर  दिया है। दिन पर दिन पारा चढ़ने से समूचे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को प्रंचड गर्मी से परेशानियों को सामना करना पड़ा रहा है। 



नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। राजधानी दिल्ली और एनसीआर समेत उत्तर भारत में लगातार इन दिनों तापमान में हो रही वृद्धि से गर्मी ने लोगों को बेहाल कर  दिया है। दिन पर दिन पारा चढ़ने से समूचे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को प्रंचड गर्मी से परेशानियों को सामना करना पड़ा रहा है।
दिल्ली में गुरुवार का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सोमवार से दो डिग्री अधिक है। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार 41 फीसदी आर्द्रता दर्ज की गई। दिन के समय गर्म हवा (लू) चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक जाने की संभावना बनी हुई है।    मौसम विभाग के अनुसार 29 मई को पालम ने इस साल दूसरी बार 45 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया। इससे पहले पालम ने 30 अप्रैल को 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था, जो अप्रैल महीने में सबसे अधिक तापमान था।
दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दिल्ली के पिछले नौ साल में 29 मई को दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान है। मौसम की पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के अनुसार राजस्थान और इससे सटे पाकिस्तान के इलाके से लगातार चलने वाली गर्म और शुष्क हवाओं के प्रवाह के कारण दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में प्रचंड गर्मी देखने को मिल रही है।
अगले दो से तीन दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की उम्मीद है। अगले एक सप्ताह के दौरान पश्चिमी हिमालय के क्षेत्रों में एक या दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आ सकते हैं लेकिन उनका प्रभाव दिल्ली क्षेत्र पर बहुत कम होगा। मौसम विभाग ने अनुसार राजधानी दिल्ली में पांच जून तक अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। जून के पहले सप्ताह में बारिश की संभावना ना के बराबर है। हालंकि उसके बाद अगले सप्ताह में आने वाले पश्चिमी विक्षोभ से कुछ मामूली राहत मिलने की उम्मीद दिखाई दे रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान 45.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *